पैसे नहीं मिलने पर युवती ने खाया जहर, मौत

पैसे नहीं मिलने पर युवती ने खाया जहर, मौत

गुमला. बसिया थाना के टांगरटोली गांव में 23 वर्षीय युवती बिरसमुनी कुमारी ने बाजार जाने के लिए पैसे नहीं मिलने पर कीटनाशक खाकर जान दे दी. घटना बुधवार दोपहर की है. युवती की मां चमरी उरांइन ने बताया कि बिरसमुनी ने बाजार जाने के लिए पैसा मांगा. जब पैसे देने से मना कर दिया, तो वह नाराज होकर चुपचाप घर के अंदर चली गयी. मां ने बताया कि घटना के वक्त वह घर के आंगन में बैठी थी. कुछ समय बाद जब बिरसमुनी ने उसे आवाज दी, तो वह भाग कर घर के अंदर पहुंची, तो उसने देखा कि बिरसमुनी ने खेत में डालने वाली जहरीली कीटनाशक दवा पी ली है. उसे तड़पता देख आसपास के लोगों की मदद से तुरंत बसिया कोनबीर स्थित अस्पताल ले गये, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया. देर रात सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

आरोपी के घर पर चिपकाया इश्तेहार

सिसई. कांड संख्या 64/2024 के मुख्य अभियुक्त रमेश उरांव उर्फ काड़ा के विरुद्ध पुलिस ने गुरुवार को न्यायालय द्वारा निर्गत इश्तेहार चिपकाया. बरगांव निवासी रमेश उरांव गिरफ्तारी के डर से करीब एक वर्ष, 10 महीने से फरार चल रहा है. पुअनि अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियुक्त के पैतृक आवास पर ढोल-नगाड़े बजाकर ग्रामीणों की उपस्थिति में विधिवत इश्तेहार चिपकाया. पुलिस के अनुसार, लगभग दो वर्ष पूर्व पैसे के लेनदेन और आपसी रंजिश के कारण रमेश उरांव ने अपने साथी सुनील उरांव के साथ मिल कर एक व्यक्ति की हत्या कर शव को कुएं में डाल दिया था. इस मामले में सुनील उरांव पहले ही जेल जा चुका है, जबकि रमेश लगातार फरार है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >