गुमला: भरनो प्रखंड से शनिवार की सुबह हजारों शिवभक्तों का जत्था कांवर लेकर आमरेश्वर धाम, अंगराबारी के लिए रवाना हुआ. गया प्रसाद केसरी और मुखिया ललिता देवी के नेतृत्व में कांवरियों ने भरनो की पारस नदी से जल उठाया. इसके बाद श्रीविष्णु मंदिर, शिव मंदिर और देवी मंडप में पूजा-अर्चना कर बोल बम के जयघोष के साथ पैदल यात्रा शुरू की. जत्थे में भरनो और आसपास के कई गांवों के युवक-युवतियां, महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल रहे.
ये भी पढ़ें -श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनः रेलवे ने बढ़ाई रांची-भागलपुर ट्रेन की अवधि; जानें, नया शेड्यूल
1991 से जारी है कांवर यात्रा, रास्ते में भक्तों के लिए व्यवस्था
जत्थे का नेतृत्व कर रहे गया प्रसाद केसरी ने बताया कि वह वर्ष 1991 से लगातार भरनो के शिवभक्तों को आमरेश्वर धाम लेकर जा रहे हैं. भरनो से आमरेश्वर धाम की दूरी करीब 70 से 75 किलोमीटर है. कांवरियों की सुविधा के लिए रास्ते में नवयुवक संघ भरनो के अलावा विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से चाय, नाश्ता और भोजन-पानी की व्यवस्था की जाती है.
कांवरियों का जत्था दो दिनों तक पैदल यात्रा कर सोमवार को आमरेश्वर धाम पहुंचेगा और शिवालय में जलाभिषेक करेगा. यात्रा को सफल बनाने में विहिप-बजरंग दल अध्यक्ष सुदामा केसरी, भाजपा अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता, संजय गुप्ता, शिव केसरी, आशीष केसरी, शंभू केसरी, जयंत केसरी, विवेक केसरी, दीपक केसरी, अजीत केसरी, मुनकु केसरी, भीष्म केसरी, विनोद केसरी, आचार्य गौतम मिश्रा समेत कई भरनोवासियों की सराहनीय भूमिका रही.
