गुमला. गुमला जिले के खोरा जामटोली से वर्ष 2018 अगस्त माह से लापता संजीता कुमारी की तलाश को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. पुलिस अधीक्षक गुमला के निर्देश पर विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹ दो लाख का नकद इनाम देने की घोषणा की गयी है. लापता होने के समय संजीता की उम्र लगभग 13 वर्ष, लंबाई करीब चार फीट, चेहरा गोल था और वह पीले रंग का सूट पहने हुए थी. वर्तमान में उसकी उम्र लगभग 21 वर्ष हो चुकी है. परिजनों द्वारा उसके लापता होने के बाद थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी, जिसके आधार पर पुलिस लगातार जांच कर रही है. विभिन्न संभावित स्थानों पर छानबीन के साथ-साथ तकनीकी माध्यमों का भी सहारा लिया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है. मामले की गंभीरता को देखते हुए गुमला पुलिस ने आमलोगों से सहयोग की अपील की है. यदि किसी को संजीता कुमारी के संबंध में कोई जानकारी मिलती है या वह कहीं दिखायी देती है, तो तुरंत इसकी सूचना इन नंबरों एसपी गुमला (9431706376), डीएसपी मुख्यालय (9471182113), एसडीपीओ गुमला ( 9431706202), अहतू थाना प्रभारी (8986604606, 8809624441) पर दी जा सकती है. इसके अलावा sp-gumla@jhpolice.gov.in पर ईमेल के माध्यम से भी सूचना दी जा सकती है. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जायेगी. एसपी ने जिलेवासियों से अपील की है कि मानवता के नाते आगे आकर सहयोग करें, ताकि लापता युवती को जल्द बरामद कर उसके परिजनों से मिलाया जा सके.
लापता संजीता कुमारी की तलाश तेज, सूचना देने पर मिलेगा ₹ दो लाख इनाम
2018 से लापता किशोरी का अब तक नहीं लगा सुराग, पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील की
