गुमला. रायडीह प्रखंड अंतर्गत सुरसांग थाना के जरजट्टा बांसटांड़ के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से 39 वर्षीय शशि भूषण एक्का की मौत हो गयी. शशिभूषण अपनी स्कूटी (सीजी-14एमवी-7833) से बैंक ऑफ इंडिया की रायडीह शाखा में केवाइसी का काम कराने गया था. काम पूरा कर शाम करीब साढ़े छह बजे वापस अपने गांव जरजट्टा बिरकेरा लौट रहा था. इस दौरान जरजट्टा बांसटांड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक बिना नंबर वाले लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी. घटना के बाद घायल शशि भूषण को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. मृतक की पत्नी असरेन एक्का ने सअनि अरविंद कुमार को दिये अपने फर्द बयान में बताया कि टक्कर मारने वाला ट्रैक्टर रायडीह थाना अंतर्गत मांझाटोली के एक व्यक्ति का है. पुलिस ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले आयी है. पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर शव का पंचनामा किया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
पेड़ से गिर कर बच्चा घायल, भर्ती
गुमला. सदर थाना के डुमरला निवासी 12 वर्षीय बालक दीपेंद्र उरांव पेड़ से गिर कर घायल हो गया. जानकारी के अनुसार दीपेंद्र अपनी बकरियों को चारा देने के लिए बकाइन के पेड़ पर चढ़ा हुआ था. इस दौरान अचानक पकड़ कमजोर होने से वह अनियंत्रित होकर जमीन पर आ गिरा, जिससे बायें जांघ की हड्डी टूट गयी. घटना के बाद परिजनों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया. घायल दीपेंद्र गांव के ही सरकारी विद्यालय में आठवीं कक्षा का छात्र है.
