नशे का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, ब्राउन शुगर के साथ तीन युवक गिरफ्तार

पांच पुड़िया ब्राउन शुगर (2.19 ग्राम), 6600 रुपये नकद व तीन मोबाइल बरामद

गुमला. जिले में नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. टोटो क्षेत्र के लोरो मोड़ पर गश्ती के दौरान ब्राउन शुगर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है. इस कार्रवाई में न सिर्फ नशे के सेवन का मामला सामने आया, बल्कि खरीद-बिक्री के नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है. जानकारी के अनुसार नौ अप्रैल 2026 की रात करीब 9:15 बजे गुमला थाना के टोटो बीट में तैनात पुअनि कुंदन कुमार सिंह अपनी टीम के साथ गश्ती पर थे. इस दौरान सूचना मिली कि लोरो मोड़ के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर का सेवन और उसकी खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना मिलते पुलिस की टीम मौके पर पहुंच घेराबंदी कर तीनों युवकों को दबोच लिया. गिरफ्तार युवकों की पहचान साजिद अनवर (24), मोहम्मद राजा (26) और मोहम्मद आसिफ खान (29) के रूप में हुई है, जो गुमला थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं. हिरासत में लिए जाने के बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत विधिवत तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान साजिद अनवर के पास से पांच पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल वजन 2.19 ग्राम), 6600 रुपये नकद व एक मोबाइल फोन बरामद किया गया. वहीं मोहम्मद राजा और मोहम्मद आसिफ खान के पास से भी मोबाइल फोन जब्त किया गया. पूछताछ में साजिद अनवर ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह बसुआ (टोटो) का रहने वाले एक व्यक्ति से ब्राउन शुगर खरीदता है और फिलहाल गुमला में सक्रिय है. उसने यह भी स्वीकार किया कि वह ब्राउन शुगर को लोरो लाकर अपने साथियों को बेचने के साथ-साथ खुद भी सेवन कर रहा था. मौके से एक पल्सर मोटरसाइकिल (जेएच-08एल-7607) भी बरामद की गयी है, जिसे मोहम्मद राजा अपने साले से लेकर आया था. पुलिस ने सभी बरामद सामानों को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब इस मामले में बसुआ (टोटो) के उक्त सप्लायर की तलाश में जुट गयी है. माना जा रहा है कि यह गिरफ्तारी गुमला में सक्रिय नशे के बड़े नेटवर्क का पोल खोल सकती है. फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >