Jharkhand News, Ranchi News, रांची न्यूज : इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया ने झारखंड समेत अन्य राज्यों के 14 विधानसभा सीट और आंध्र प्रदेश व कर्नाटक के दो लोकसभा उपचुनाव के तारीख की घोषणा कर दी है. झारखंड के मधुपुर विधानसभा सीट के लिए 17 अप्रैल, 2021 को वोटिंग होगी, वहीं 2 मई, 2021 को मतगणना की तारीख निर्धारित की है.
झारखंड सरकार में मंत्री सह मधुपुर विधानसभा सीट से झामुमो विधायक हाजी हुसैन अंसारी के असामयिक निधन से खाली हुई सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया ने मंगलवार (16 मार्च, 2021) को किया. वहीं, आगामी 23 मार्च को इसकी अधिसूचना जारी होगी.
मधुपुर विधानसभा सीट के लिए प्रत्याशी 30 मार्च, 2021 तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं. 31 मार्च को प्रत्याशियों के आवेदन की स्क्रूटनी होगी. वहीं, नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 3 अप्रैल, 2021 है. इस सीट के लिए आगामी 17 अप्रैल को वोटिंग होगी, जबकि 2 मई, 2021 को काउंटिंग होगी.
खाली हुए मधुपुर विधानसभा सीट को लेकर सभी पार्टियां पहले से ही रेस हैं. झारखंड की हेमंत सरकार ने दिवंगत हाजी हुसैन अंसारी के बेटे हफीजुल अंसारी को मंत्री बनाया. चुनावी घोषणा से पहले ही झारखंड की हेमंत सरकार ने हफीजुल अंसारी को बिना विधायक बने मंत्री बनाया. संवैधानिक प्रावधान के अनुसार, छह माह के अंदर मंत्री को किसी विधानसभा का सदस्य होना अनिवार्य है.
ऐसी स्थिति में यह साफ है कि झामुमो गठबंधन की ओर से मंत्री हफीजुल अंसारी मधुपुर विधानसभा सीट के प्रत्याशी होंगे. हालांकि, पार्टी ने इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की, लेकिन अब चुनाव के तारीख का ऐलान होने के बाद उम्मीद है कि झामुमो गठबंधन प्रत्याशी का ऐलान करेगी.
Posted By : Samir Ranjan.
