गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla News: झारखंड के गुमला जिले के चैनपुर अनुमंडल मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के पास संचालित एक निजी अस्पताल में पुलिस ने गुरुवार की देर रात छापेमारी कर कथित रूप से अवैध गर्भपात किए जाने के मामले का खुलासा किया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) श्रुति अग्रवाल के निर्देश पर अस्पताल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया है.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रात करीब 9.00 बजे पुलिस टीम अस्पताल पहुंची. वहां मौजूद 21 साल युवती से पूछताछ की गई. जिसमें उसने प्रारंभिक तौर पर अस्पताल में गर्भपात कराए जाने की बात कही. इसके बाद पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन से संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू की और संचालक ओमप्रकाश सिंह को जरूरी कागजात (रजिस्ट्रेशन और डिग्री) के साथ थाने में आने का निर्देश दिया. हालांकि निर्धारित समय तक उनके उपस्थित नहीं होने पर संदेह और गहरा गया है.
योग्य डॉक्टर की उपलब्धता पर सवाल
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि अस्पताल में किसी अधिकृत एमबीबीएस डॉक्टर या स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियमित उपलब्धता संदिग्ध है. अगर इसकी पुष्टि होती है, तो यह स्वास्थ्य नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.
युवती ने मेडिकल जांच से किया इनकार
युवती को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया. लेकिन उसने मेडिकल जांच कराने से इनकार कर दिया. उसका कहना है कि वह बालिग है और उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी जिससे कि तथ्य सामने आ पाए और किसी के साथ अन्याय न हो.
यह भी पढ़ें: अब सुरक्षा मानकों पर चलेंगी रांची की स्कूल वैन, बिना GPS और पुलिस वेरिफिकेशन वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग
यह भी पढ़ें: झारखंड बार काउंसिल चुनाव: मधुलता, रिंकू समेत 5 महिलाएं बनीं सदस्य, महेश तिवारी का परिणाम फिलहाल होल्ड पर
