प्रतिनिधि, गुमला
गुमला जिले में हाल ही में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में हुई मौत के मामलों में अब पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. दोनों ही मामलों में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है. पहला मामला पालकोट थाना क्षेत्र का है. जहां ग्राम मरदा निवासी रामपरन गोप के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. दर्ज फर्दबयान के अनुसार 14 अप्रैल की रात करीब 8.00 बजे उनके 16 वर्षीय पुत्र आशीष गोप मोटरसाइकिल जेएच 01एफके2095 से शादी समारोह से घर लौट रहा था. इसी दौरान पिंजराडीपा के पास अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में गंभीर रूप से घायल आशीष को इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला लाया गया था. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. दूसरा मामला भी पालकोट थाना के गोजा बनटोली गांव की है. यहां सिलवेस्टर मिंज के बयान पर बाइक चालक सुकरा राम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. फर्दबयान के मुताबिक 17 अप्रैल को उनकी 75 वर्षीय बहन मरियाना मिंज रोज की तरह पालकोट बाजार में चना-बदाम बेचने गयी थी. शाम करीब 7.00 बजे घर लौटने के दौरान बाइक (सीजी 14एमभी8022) चला रहे सुकरा राम ने तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाते हुए पीछे से टक्कर मार दी. जिससे उसकी मौत हो गयी थी. दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. जांच की जिम्मेदारी सहायक अवर निरीक्षक स्तर के अधिकारी को सौंपी गयी है.सड़क हादसों में दो लोगों की मौत के मामले में केस दर्ज
गुमला जिले में हाल ही में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में हुई मौत के मामलों में अब पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
