गुमला: उपायुक्त दिलेश्वर महतो और उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन की संयुक्त अध्यक्षता में लीड बैंक योजना की संशोधित मार्गदर्शिका को लेकर समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला का संचालन नीति आयोग के वित्तीय समावेशन सहयोगी संस्था माइक्रोसेव कंसल्टिंग के राज्य समन्वयक रमेश कुमार ने किया.
कार्यशाला में लीड बैंक योजना की संशोधित मार्गदर्शिका, वित्तीय समावेशन और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई. इसके अलावा जिले में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, वित्तीय समावेशन, साइबर सुरक्षा और सूक्ष्म उद्यमों को ऋण सहायता उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैंकिंग समितियों को प्रभावी बनाने का निर्देश
कार्यशाला के दौरान अधिकारियों ने लीड बैंक प्रबंधक कार्यालय को प्रखंड स्तरीय बैंकर्स समिति, जिला परामर्शदात्री समिति और जिला स्तरीय समीक्षा समिति को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने का निर्देश दिया. साथ ही प्रखंड स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठकों के कार्यवृत्त को भारतीय रिजर्व बैंक की मार्गदर्शिका में निर्धारित प्रारूप के अनुरूप तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया.
ये भी पढ़ें- रांचीः RIMS में सितंबर से मरीजों को बेड पर मिलने लगेगी ब्लड जांच रिपोर्ट
साइबर धोखाधड़ी की नियमित समीक्षा पर जोर
उपायुक्त ने साइबर और वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा इनके प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने पंचायत राज संस्थाओं के निर्वाचित सदस्यों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल और बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके.
‘एक पंचायत, एक साइबर मित्र’ पहल होगी पायलट प्रोजेक्ट
जिला स्तरीय बैंकिंग समितियों के माध्यम से साइबर सुरक्षा को मजबूत करने और सूक्ष्म उद्यमों को सुगम ऋण सहायता उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया. ग्रामीण स्तर पर साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘एक पंचायत, एक साइबर मित्र’ पहल को पायलट परियोजना के रूप में लागू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया.
जिला योजना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा ने सभी प्रतिभागियों से कार्यशाला के दौरान प्राप्त निर्देशों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने और संबंधित विभागों एवं बैंकिंग संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया. कार्यशाला में जिला कृषि पदाधिकारी शुभम प्रिया टियू, जिला उद्यान पदाधिकारी डॉ. तमन्न परवीन, जिला योजना कार्यालय के एकांश सोगानी, पीपीआईए फेलो अवधेश कुमार, प्रैक्सिस पीपीआईए फेलो गंटू रजक, आकांक्षी प्रखंड फेलो डुमरी आरती कुमारी सहित संबंधित पदाधिकारी, कर्मी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें- श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनः रेलवे ने बढ़ाई रांची-भागलपुर ट्रेन की अवधि; जानें, नया शेड्यूल
