लेवी नहीं देने पर उग्रवादियों ने दिया घटना को अंजाम
पालकोट (गुमला) : गुमला जिला के पालकोट थाना क्षेत्र के बनईडेगा गांव में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआइ ने मंगलवार सुबह 3.30 बजे उत्पात मचाया. तालाब निर्माण में लगे दो जेसीबी मशीन को आग के हवाले कर दिया. एक गाड़ी पूरी तरह जल गयी. जबकि दूसरी गाड़ी का आधा हिस्सा जला है. गाड़ी मालिकों के अनुसार करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. उग्रवादियों ने गाड़ी के सहचालक व मजदूरों को काम बंद रखने की धमकी दी है. काम शुरू करने पर जान से मारने की चेतावनी दी है. गाड़ी जलाने के बाद हवाई फायरिंग की. घटना को पीएलएफआइ के एरिया कमांडर मुकेश बड़ाइक व उसके दस्ते के लोगों ने अंजाम दिया है.
उग्रवादियों ने जाते-जाते जेसीबी के सहचालक दीपक उरांव से कहा है कि लेवी नहीं देने के कारण गाड़ी जलाया गया है. लेवी नहीं मिलने तक काम बंद रखने की धमकी दी. सहचालक दीपक ने बताया कि भूमि संरक्षण विभाग गुमला से नौ लाख रुपये की लागत से तालाब बन रहा है. पानी समिति के अध्यक्ष सोमरा नायक व सचिव महेंद्र लोहरा की देखरेख में तालाब बनवाया जा रहा है.
भाजपा प्रखंड अध्यक्ष से लेवी मांगी थी : उग्रवादियों ने गाड़ी के सहचालक दीपक उरांव, मजदूर मंगल उरांव, दीपेश प्रसाद, जगदीश प्रधान को हथियार की नोक पर खड़ा कर गाड़ी में आग लगाया. बताया जा रहा है कि उग्रवादी भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष सुमित केशरी से लेवी देने के बाद काम शुरू करने को कहा था. लेकिन केशरी ने लेवी देने से इंकार करते हुए काम शुरू करा दिया था. जब लेवी नहीं मिली तो उग्रवादियों ने गाड़ी जला दी और काम बंद करा दिया.
सात-आठ की संख्या में आये थे उग्रवादी : तालाब निर्माण जेसीबी मशीन से हो रहा है. दिनभर काम होने के बाद गाड़ी को बनईडेगा स्कूल के परिसर में रखा जाता है. सहचालक व बाहर के मजदूर स्कूल भवन में ही सोते हैं. मंगलवार की सुबह मुकेश बड़ाइक अपने सात-आठ साथियों के साथ पहुंचा. पहले मजदूरों को बंदूक के निशाने पर लिया. इसके बाद गाड़ी में आग लगा दी.
बनईडेगा में पानी की किल्लत है : ग्रामीण
गांव की लालमति देवी, पानो देवी, सुचिता देवी, सोनी देवी, सनमईत देवी ने कहा कि बनईडेगा गांव में 150 परिवार है. यहां सिंचाई का साधन नहीं है. एक चापानल चालू है. पानी संकट भी है. पशु-पक्षियों को पीने के लिए पानी नहीं मिलता है. तालाब बनने से पानी की समस्या दूर होती. लेकिन उग्रवादियों ने तालाब निर्माण बंद करा दिया. इससे परेशानी बढ़ गयी है.
तालाब का निर्माण पानी समिति की देखरेख में हो रहा है. नौ लाख रुपये से भूमि संरक्षण विभाग द्वारा काम कराया जा रहा है. उग्रवादियों द्वारा की गयी घटना निंदनीय है.
सुमित केसरी, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष पालकोट
पीएलएफआइ ने घटना को अंजाम दिया है. पुलिस उग्रवादियों के खिलाफ अभियान शुरू कर दी है. उग्रवादियों को बख्सा नहीं जायेगा.
बच्चनदेव कुजूर, एसडीपीओ
