यह जानकारी एसडीपीओ भूपेंद्र प्रसाद राउत ने प्रेस कांफ्रेंस में दी. उन्होंने तीन दिन तक चले एंटी नक्सल ऑपरेशन व माओवादियों के साथ हुई मुठभेड़ की जानकारी दी. एसडीपीओ ने बताया कि 23 मई की सुबह करीब आठ बजे कोटियापाट गांव स्थित महरू असुर के घर से सटे जंगल से अचानक नक्सलियों ने पुलिस पर हमला कर दिया. गोलियां चलायी व आइडी बम विस्फोट करने लगे. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की.
नक्सलियों की ओर से 92 चक्र व पुलिस बल की ओर से 69 चक्र गोली चलायी गयी. पुलिस ने यूबीजीएल से भी फायर किया. पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली भाग गये. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली. तलाशी के क्रम में 12 वर्ष का एक लड़का मिला, जिससे नक्सली सामान ढुलवाते थे. तलाशी में 81 गोली, चार्जर छह पीस, प्रेशर स्वीच चार पीस, इलेक्ट्रीक डेटोनेटर 22 पीस, नन इलेक्ट्रीक डेटोनेटर एक पीस, सेप्टी फ्यूज तीन मीटर, वरदी छह पीस, पिठू छह पीस, बेल्ट चार पीस, नक्सली साहित्य, प्रशिक्षण पुस्तिका, नक्सल पंपलेट व दैनिक उपयोग की सामग्री मिली है. नक्सलियों से बरामद विस्फोटक को जंगल में ही निष्क्रिय किया गया. वहीं जंगल से मिले बच्चे को सीडब्ल्यूसी को सौंप दिया गया है.
