लुटेरों ने गोली भी चलायी, भाग कर जान बचायी
गुमला : घाघरा थाना क्षेत्र के सलामी घाटी के समीप शनिवार को अपराह्न करीब तीन बजे हथियारबंद लुटेरों ने उत्पात मचाया. दरकाना गांव के धार व्यवसायी संदीप यादव व अन्य दो व्यवसायियों से करीब 45 हजार रुपये लूट लिये. लूटपाट के बाद गोली भी चलायी, लेकिन संयोग से किसी को गोली नहीं लगी. व्यवसायियों ने भाग कर जान बचायी और कुरूमगढ़ थाना पहुंचे. वहां से उन्हें घाघरा थाना भेज दिया. समाचार लिखे जाने तक व्यवसायी घाघरा थाना नहीं पहुंचे थे, क्योंकि कुरूमगढ़ से घाघरा की दूरी काफी है और बिहड़ जंगल पड़ता है.
सलामी गांव में बाजार लगा था
जानकारी के अनुसार, शनिवार को सलामी गांव में बाजार लगा था. दरकाना गांव के कुछ व्यवसायी खरीद-बिक्री करने के लिए सलामी घाटी होते हुए बाजार जा रहे थे. इसी बीच घाटी के समीप पहले से मौजूद तीन लुटेरों ने व्यवसायियों को रोक लिया. पिस्तौल का भय दिखा कर व्यवसायियों से रुपये देने को कहा. व्यवसायियों ने जब पैसा देने से इनकार किया, तब लुटेरों ने गोली मारने की धमकी दी. इससे डर कर रुपया दे दिया. इसके बाद पहचाने जाने के डर से लुटेरों ने व्यवसायियों पर गोली चलायी, लेकिन गोली लगी नहीं.
इस संबंध में गांव के ही ज्योति ने बताया कि व्यवसायी कुरूमगढ़ थाना पहुंचे थे, लेकिन वहां प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी. उन्हें घाघरा थाना भेज दिया गया घाघरा थाना प्रभारी सुदामा चौधरी ने कहा कि सलामी घाटी में लूटपाट की सूचना नहीं है, न ही अभी तक किसी ने थाना में केस दर्ज कराया है.
लूटपाट की घटना बढ़ी
तीन दिनों से गुमला में लूटपाट की घटना बढ़ गयी है. कोटाम में अपराधियों ने बाजार में उत्पात मचाया था. व्यवसायी इश्तियाक अंसारी से लूटपाट के बाद गोली मार कर घायल कर दिया था.
वहीं गुरुवार को अपराधियों ने आंजन मोड़ के समीप व्यवसायी बबलू साव से लूटपाट के बाद गोली मार कर हत्या कर दी. बबलू को बचाने में चौकीदार रघु पासवान की भी गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी. एक मोटरसाइकिल से तीन अपराधी घूम-घूम कर लूटपाट कर रहे हैं, लेकिन अपराधियों का सुराग नहीं मिला है. हालांकि पुलिस लगातार छापामारी अभियान चला रही है.
