एसडीपीओ ने कहा : पुलिस सुरक्षा में सड़क का काम होगा
भरनो(गुमला) : भरनो प्रखंड के करंज गांव स्थित शिवालय कंस्ट्रक्शन कंपनी के कैंप पर मंगलवार रात दो घंटे तक अपराधियों का कब्जा रहा. अपराधी पूरे कैंप की घेराबंदी कर उत्पात मचाया. इस उत्पात में झारखंड संघर्ष जनमुक्ति मोरचा रांची के अपराधी संगठन का हाथ है. परचा भी मिला है.
इससे इस क्षेत्र में नये संगठन का उदय माना जा रहा है. अपराधियों ने जिस प्रकार से घटना को अंजाम दिया है. इनका मकसद लेवी वसूलना है. लेकिन इस प्रकार की घटना से इलाके में दहशत पैदा हो गया है. अपराधियों की करतूत से कुम्हारी से झटंगीटोली तक 26 किमी सड़क का निर्माण कार्य बंद हो गया है. मजदूरों ने बताया कि मंगलवार की रात हथियारबंद अपराधियों ने कैंप में खड़े दो जेसीबी, एक पिकअप व दो मिक्चर मशीन पर फायरिंग कर क्षतिग्रस्त कर दिया. उपरोक्त वाहनों के वाहन चालकों व गार्ड की जम कर पिटाई कर दी.
अपराधी जाने से पहले कैंप के सुरक्षागार्ड को झारखंड जनमुक्ति मोरचा संगठन का परचा सौंप निकल गये. परचा में लिखा है कि 11 जनवरी से सड़क निर्माण कार्य बंद कर दें. नहीं तो अंजाम बुरा होगा. संगठन के आदेश के बाद ही काम शुरू होगा. घटना रात 11 बजे की है. अपराधियों ने घर के अंदर सो रहे मुंशी को उठाने के लिए गेट खुलवाने का प्रयास किया.
परंतु कर्मियों द्वारा दरवाजा नहीं खोला गया, तब अपराधियों ने दरवाजा, दीवार व वाहनों पर दर्जनों राउंड गोलियां बरसायी. सूचना मिलने पर भरनो पुलिस रात में ही करंज गांव स्थित शिवालय कंपनी के कैंप पहुंच कर मामले से अवगत हुई. पुलिस ने घटनास्थल से परचा बरामद किया. शिवालय कंपनी द्वारा कुम्हारी से झटंगीटोली तक 26 किमी सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है. कंपनी के परियोजना समन्वयक संदीप कुमार ने भरनो थाना में लिखित आवेदन सौंप कर केस दर्ज कराया है. दर्ज केस में कहा है कि इस घटना में कंपनी को 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. घटना के संबंध में एसडीपीओ बच्चनदेव कुजूर ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य बंद नहीं होगा. यह अपराधिक मामला है. पुलिस सुरक्षा में कार्य कराया जायेगा.
