परिवहन विभाग व गुमला पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहन कर चलने की अपील की.
गुमला : गुमला परिवहन व पुलिस विभाग ने नयी पहल की है. बिना हेलमेट पहन कर दोपहिया वाहन चलाने वाले लोगों को गुलाब का फूल देकर हेलमेट पहन कर गाड़ी चलाने की अधिकारी अपील कर रहे हैं. सोमवार को डीटीओ विजय वर्मा, थाना प्रभारी अशोक कुमार व अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने पटेल चौक के समीप बिना हेलमेट पहन कर गाड़ी चलाने वालों को रोका और उन्हें गुलाब का फूल दिया. अधिकारी यहां लोगों को समझाते भी नजर आये. डीटीओ ने कहा : कृप्या आप अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनें. उन्होंने कहा कि आज कल सड़क हादसे में उन्हीं लोगों की ज्यादा मौत हो रही है, जो सड़क सुरक्षा नियम का पालन नहीं कर रहे हैं. गुमला में सबसे अधिक हादसे होते हैं. इसमें वैसे लोग प्रभावित हो रहे हैं, जो नियम के विरुद्ध चल रहे हैं. डीटीओ ने कहा कि अभी हम गुलाब फूल देकर लोगों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक कर रहे हैं. अगर इसके बाद भी सुधार नहीं हुआ, तो मजबूरन गाड़ी जब्त की जायेगी. जुर्माना लिया जायेगा. गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी.
पीछा कर रोका, फिर फूल दिया
कुछ लोग वाहन जांच के डर से अधिकारियों को देख कर गाड़ी लेकर भाग रहे थे. उन वाहन चालकों को पीछा कर रोका गया और गुलाब का फूल दिया गया. गुमला के लोग शुरू में तो गुलाब फूल देने से अचंभित थे, लेकिन जब उन्हें बताया गया कि हेलमेट पहनने के लिए यह जागरूकता कार्यक्रम है, तो लोगों ने प्रशासन की इस पहल की प्रशंसा की.
