जारी प्रखंड को 15 सितंबर तक शौच मुक्त बनाना अलबर्ट एक्का जारी प्रखंड को खुले में शौच मुक्त बनाने का अभियान शुरू
हर घर में शौचालय बनेगा.
जारी(गुमला) : अलबर्ट एक्का जारी प्रखंड को खुले में शौच मुक्त बनाना है. इसके तहत पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा प्रखंड की सभी पांच पंचायतों में शौचालय का निर्माण शुरू कर दिया गया है. जिस परिवार में शौचालय नहीं है, उस घर में विभाग द्वारा शौचालय बनवाया जा रहा है. लोग खुले में शौच न करें, इसके लिए रविवार को प्रखंड में प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को जागरूक किया. इसके तहत राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, जारी में स्वच्छ भारत मिशन के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ. मुख्य अतिथि डीसी श्रवण साय ने कहा कि स्वच्छभारत मिशन केतहत पूरे जिला को शौच मुक्त बनाना है. इसमें जारी,
बिशुनपुर, सिसई व रायडीह को पहले चुना गया है. जारी प्रखंड को 15 सितंबर तक शौच मुक्त बनाना है. ग्रामीण, जल सहिया, जनप्रतिनिधि व महिला मंडल सभी के सहयोग से ही प्रखंड शौच मुक्त बनेगा. निरोग रहने के लिए शौच मुक्त होना जरूरी है. डीसी ने डुमरटोली में शौचालय निर्माण का निरीक्षण किया. कार्य देखकर डीसी ने संतोष प्रकट किया. डीडीसी नागेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रखंड में 4900 घर है.
इसमें से आधे से अधिक घर का शौचालय निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. सभी ग्रामीण व जनप्रतिनिधि के सहयोग से समय सीमा के अंदर कार्य पूर्ण करें. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता त्रिभुवन बैठा व जिला समन्वयक मनोज कुमार कुंवर ने कहा कि विभाग द्वारा तेजी से प्रखंड के हर घर में शौचालय बनाने का काम कराया जा रहा है. इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग की जरूरत है. मौके पर सहिंद्र रजक, प्रवीण केरकेट्टा, अवसार अहमद, पुष्पा लकड़ा, नंद किशोर नंद, दिलीप बड़ाइक, शीतल खलखो, अनीमा खलखो, सहित जल सहिया मौजूद थे. इस अवसर पर अधिकारियों ने बनाये गये शौचालय का निरीक्षण किया.
