डीसी का घेराव 20 को करेंगे कार्यकर्ता
घेराव में कांग्रेस के साथ लाभुक भी रहेंगे
गुमला : गुमला शहर के वार्ड नंबर 20 स्थित सरनाटोली (नदीटोली) मुहल्ले का कांग्रेस नेताओं ने दौरा किया. मलिन बस्ती आवास योजना के तहत गरीबों का घर नहीं बनने की जानकारी ली. लोगों ने उन्हें बताया कि वर्ष 2007 में घर बनाने की स्वीकृति मिली थी, परंतु बाद में वार्ड पार्षद द्वारा सूची से नाम हटा कर उसमें अमीर लोगों का नाम चढ़ा दिया गया. मलिन बस्ती योजना के तहत यहां अमीरों का महल बन गया. शौचालय निर्माण में भी 12 की जगह छह हजार रुपये दिये गये.
शेष राशि नगर परिषद डकार गया. लोग नदी के किनारे खोदे गये कुएं का पानी पीते हैं, क्योंकि मुहल्ले में खोदा गया चापानल बेकार है. समस्या सुनने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश कुमार चीनी व युवा अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने कहा कि मलिन बस्ती आवास योजना में गरीबों के साथ अन्याय हुआ है. गरीबों को उनका हक दिलाने के लिए 16 अगस्त को डीसी कार्यालय का घेराव किया जायेगा. इसके बाद नगर परिषद में भूख हड़ताल कार्यक्रम होगा. गरीबों को जिस प्रकार लूटा गया है, यह स्वतंत्र भारत में लोगों के अधिकारों का हनन है. कांग्रेस गरीबों के लिए चरणबद्ध आंदोलन चलायेगी.
अगर गरीबों को न्याय नहीं मिला, तो मजबूरन न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जायेगा. मौके पर कांग्रेस के अकील रहमान, एजाज अहमद, फिरोज खान, रामविनास प्रसाद, विष्णु भुइयां, प्रदीप सिंह व लक्ष्मी राम सहित कई लोग थे.
माले का धरना 17 को : मलिन बस्ती में लिये गये घूस की वापसी को लेकर भाकपा माले द्वारा 17 अगस्त को नगर परिषद कार्यालय में धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है.
