उमड़ा ढौठाडीपा में अपराधियों ने किया टांगी से हमला
पालकोट : पालकोट थाना क्षेत्र के उमड़ा ढौठाडीपा में मंगलवार की रात अपराधियों ने टांगी से धनपाल सिंह बिंजिया (35) की हत्या कर दी, जबकि धनपाल का चाचा श्रवण सिंह बिंजिया घायल हो गया.
किसी प्रकार भाग कर उसने अपनी जान बचायी. अपराधियों ने धनपाल की हत्या कर शव को झाड़ी में फेंक दिया था. बुधवार की सुबह को धनपाल का शव पुलिस ने बरामद किया. घटना के संबंध में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
मृतक की पत्नी राजमुनी देवी ने बताया कि धनपाल व श्रवण दोनों उमड़ा गांव गये थे. शाम को दोनों घर लौट रहे था. इसी क्रम में ढौठाडीपा के समीप पांच अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया. हमलावरों ने धनपाल के गर्दन के पीछे टांगी से प्रहार किया. उसे बचाने में श्रवण सिंह घायल हो गये.
हमलावरों को भारी पड़ता देख श्रवण भाग गये, लेकिन धनपाल नहीं भाग सका और उसे अपराधियों ने मार दिया. राजमुनी के अनुसार, बगल गांव के लोगों के साथ धनपाल का झगड़ा हुआ था. उस समय कुछ लोगों ने उसे जान मारने की धमकी दी थी. थाना प्रभारी नित्यानंद महतो ने बताया कि आपसी विवाद में हत्या हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. बहुत जल्द अपराधियों का पता चल जायेगा.
