पालकोट : पालकोट प्रखंड के एनएच-43 स्थित बघिमा जबरा नदी पर बना डायवर्सन बह गया. गुरुवार की रात को मूसलाधार बारिश हुई, जिससे डायवर्सन का आधा हिस्सा बह गया. 23 लाख की लागत से आठ माह पहले ही यह बना था, लेकिन पहली बारिश भी डायवर्सन झेल नहीं पाया. डायवर्सन बहने के बाद वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है. जान हथेली पर रख कर लोग गाड़ी पार कर रहे हैं. यह सिमडेगा, खूंटी व सिमडेगा जिला के अलावा ओड़िशा राज्य का मुख्य मार्ग है. छत्तीसगढ़ के लोग ओड़िशा जाने के लिए इस मार्ग का उपयोग करते हैं.
डायवर्सन बहने की सूचना पर शुक्रवार की सुबह एनएच विभाग के कनीय अभियंता संजु कुमार सिंह जबरा नदी पहुंच कर डायवर्सन की स्थिति को देखा. उन्होंने बताया कि इस रूट से आवागमन बाधित न हो, इसके लिए बालू व पत्थर डाल कर जबरा पुल से आवागमन सुचारू रखा जायेगा. यहां बड़ा पुल बनना है. इसके लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया. फोर लेन सड़क बनने के कारण मामला लंबित है. विभाग प्रयास कर रहा है कि जल्द यहां पुल बने. जेइ ने बताया कि आठ माह पहले इस डायवर्सन को बनाया गया था.
