गुमला : गुमला शहर में टावर चौक स्थित संजीव उर्वशी कांप्लेक्स में सोमवार की रात 10.30 बजे भीषण आग लग गयी. चार दुकानें, दो गोदाम व पूरे घर का सामान जल गया. खाने पीने का सामान, कपड़े, आभूषण व अन्य कीमती सामान नष्ट हाे गये. डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है. दो सिलिंडर व एसी फटने से विस्फाेट हुआ.
हालांकि घर के सभी सदस्य सुरक्षित हैं. कई सदस्य बगल की छत से कूद कर सुरक्षित निकले. स्थानीय लोगों के सहयोग से महिलाओं व बच्चों को घर से निकाला गया. आग बुझाने में आसपास के कई लोगों के हाथ व पैर जल गये.
20 गाड़ी पानी पानी भी कम पड़ गया : आग की लपटें देखते ही आसपास के लोग कुएं से पानी भर कर आग बुझाने में जुट गये. एक घंटे बाद अग्निशमन वाहन पहुंचा. गुमला में दो ही दमकल गाड़ी थी. लोहरदगा से एक दमकल गाड़ी मंगायी गयी. सुबह तक 20 गाड़ी पानी का उपयाेग आग बुझाने में किया गया.
सबसे पुरानी व प्रसिद्ध दुकान है : संजीव उर्वशी की दुकान गुमला जिले की सबसे पुरानी व प्रसिद्ध दुकान है. 1962 में इसकी स्थापना हुई थी. चेंबर अध्यक्ष अनमोल कुमार गुप्ता ने कहा कि समय पर दमकल गाड़ी आती, तो संभवत: क्षति कम हाेती.
