अभियान. सिलम के राजकीय उत्क्रमित उिव में कार्यक्रम, डीसी ने कहा
रायडीह : प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय सिलम मेंं विद्यालय चले चलायें अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया़ इसमें उपायुक्त भी शामिल हुए़ उन्होंने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और अभियान की सफलता के लिए सभी की भागीदारी को जरूरी बताया़
रायडीह : विद्यालय चले चलायें अभियान के तहत शुक्रवार को रायडीह प्रखंड के सिलम स्थित राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि गुमला डीसी श्रवण साय व ट्रेनी आइएएस कुलदीप चौधरी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने विद्यालय चले चलायें अभियान के तहत पांच नये बच्चों का नामांकन लिया. साथ ही सरकार की योजना के तहत विद्यालय को मिले 84 सोलर लैंप का वितरण कक्षा नवम व दशम के विद्यार्थियों के बीच किया. डीसी ने कहा कि विद्यालय में अनामांकित और विद्यालय छोड़ चुके सभी बच्चों का नामांकन करना है. इस अभियान को सफल बनाने में सभी का सहयोग जरूरी है.
उन्होंने कह कि शिक्षा के साथ स्वच्छता पर भी ध्यान दें, ताकि लोग स्वस्थ रह सकें़ ट्रेनी आइएएस कुलदीप चौधरी ने कहा कि जिले मेंं यह अभियान तभी सफल होगा, जब विद्यालय के समय में प्रत्येक बच्चा विद्यालय में रहे. इसके लिए हम सभी को अपनी जिम्मेवारी समझनी होगी़ इससे पूर्व विद्यालय के एचएम नरेश कुमार प्रजापति सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक व बच्चियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया.
साथ ही हम साफ करेंगे, स्वच्छ रखेंगे, स्वस्थ रहेंगे भाई, गंदगी गड्ढों में डाल हमने धरा की ऊपज बढ़ाई. नामक स्वच्छता अभियान गीत प्रस्तुत किया. वहीं एचएम, विप्रस अध्यक्ष मांगू उरांव, मुखिया श्वेता देवी व पंसस खुशमन नायक ने विद्यालय की समस्या से डीसी को अवगत कराया़ बताया कि विद्यालय में अंग्रेजी शिक्षक की कमी है. विद्यालय के पिछले वाले हिस्से में चहारदीवारी भी नहीं है. डीसी ने इन समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया.
