सिसई : सिसई प्रखंड के लरंगो लादा गांव में आग लगने से तीन घर जल कर नष्ट हो गये़ घर में रखा सामान भी जल गया. आगजनी में तीन परिवार बेघर हो गया. इन लोगों ने प्रशासन से सहायता की गुहार लगायी है. आग लगने के बाद लरंगो मुखिया के प्रयास से दमकल गाड़ी पहुंची, लेकिन तबतक पूरा घर जल गया था. चूंकि गुमला से लादा गांव की दूरी काफी है, जिस कारण गाड़ी के पहुंचने से पहले ही आग ने पूरे घर को राख कर दिया.
बताया जा रहा है कि पहले चरवा उरांव के घर आग लग गयी. जबतक चरवा व उसके परिवार के लोग आग पर काबू पाते, आग ने पड़ोसी कजरू उरांव व तिवारी उरांव के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया़ इधर, आग लगने की सूचना पर एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी अशोक कुमार गांव पहुंच कर घटना की जानकारी ली़ वहीं मुखिया सुफल उरांव ने तीनों परिवार को 50-50 किलो चावल उपलब्ध कराया.
