गुमला : भारत सरकार के डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम के तहत गुमला के समाहरणालय भवन में मंगलवार को रिकॉर्ड रूम का शिलान्यास हुआ. मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत व विशिष्ट अतिथि विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने संयुक्त रूप से रिकॉर्ड रूम का शिलान्यास किया.
शिलान्यास के बाद केंद्रीयमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष ने जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ विकास भवन सभागार में बैठक की, जहां सभी को प्रोजेक्टर के माध्यम से डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी़ मौके पर केंद्रीयमंत्री सुदर्शन भगत ने कहा कि वर्तमान समय में पूरे देश में डिजिटल इंडिया की चर्चा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन है. डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम के तहत जमीन से संबंधित हर प्रकार के अभिलेखों के सुरक्षित ढंग से संधारण में सुविधा होगी.
प्रोग्राम के तहत लोहरदगा व गुमला में रिकॉर्ड रूम का शिलान्यास हो चुका है. जल्द ही उदघाटन भी होगा. जमीन जायदाद से संबंधित कई प्रकार की परेशानियां होती है. रिकॉर्ड कभी जीर्णशीर्ण हो जाता है, तो कभी जल जाता है. कभी-कभी गुम भी हो जाता है, लेकिन अब रिकॉर्ड रूम में जमीन से संबंधित हर प्रकार का रिकॉर्ड प्रशासन और सरकार के पास होगा. भारत सरकार की इस पहल से जनता को काफी लाभ होगा. विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह पहल की है.
इसका सीधा लाभ जनता को मिलेगा. पूर्व में जमीन संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए स्वयं जमीन मालिकों को भी कई प्रकार की प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता था, लेकिन अब प्रक्रिया की समस्या खत्म होगी और तुरंत ही लाभ मिलेगा. मौके पर 20 सूत्री उपाध्यक्ष हीरा साहू, डीसी श्रवण साय, एसपी भीमसेन टुटी, प्रशिक्षु आइएएस कुलदीप चौधरी, डीडीसी नागेंद्र कुमार सिन्हा, एसी अशोक कुमार शाह, नैप डायरेक्टर रंजना बम्र्मन, एलआरडीसी रंजना दास, बीडीओ उमेश कुमार स्वांशी, निशा भगत, अनुमंडल दंडाधिकारी मीनाक्षी भगत, पूर्व विधायक कमलेश उरांव, भाजपा जिला अध्यक्ष सविंद्र सिंह, भाजपा युवा नेता मिशिर कुजूर, नगर अध्यक्ष निर्मल कुमार, भूपन साहू, कौशलेंद्र जमुआर, गायत्री देवी, निर्मला सिन्हा व शकुंतला देवी सहित कई लोग उपस्थित थे.
