भाई ने पीटा, इसलिए दिल्ली चली गयी

सरिता नामक महिला दलाल ने वर्ष 2015 के जुलाई माह में दिल्ली में बेचा था अब दिल्ली नहीं जायेगी गुमला में रह कर करेगी पढ़ाई पुलिस ने गुप्त सूचना पर मुक्त कराया, पांच माह बाद लौटी गुमला पिटाई के डर से घर जाने से किया इनकार दुर्जय पासवान गुमला : गुमला प्रखंड के खरका डेवीडीह […]

सरिता नामक महिला दलाल ने वर्ष 2015 के जुलाई माह में दिल्ली में बेचा था
अब दिल्ली नहीं जायेगी गुमला में रह कर करेगी पढ़ाई
पुलिस ने गुप्त सूचना पर मुक्त कराया, पांच माह बाद लौटी गुमला
पिटाई के डर से घर जाने से किया इनकार
दुर्जय पासवान
गुमला : गुमला प्रखंड के खरका डेवीडीह गांव की लता कुमारी (बदला हुआ नाम) अब दिल्ली नहीं जायेगी. वह गुमला में रहकर कस्तूरबा गांधी स्कूल में पढ़ेगी. उसने कहा कि वह अब पढ़ लिख कर अपनी अलग पहचान बनायेगी. उसने बताया कि उसे करमटोली गांव की सरिता नामक महिला तस्कर ने वर्ष 2015 के जुलाई माह में दिल्ली में बेच दिया था.
दिल्ली के उत्तम नगर में उसे एक घर में काम करने के लिए रखा गया था. एक माह तक वहां काम की. इसके बाद दिल्ली में बेची गयी अन्य लड़कियों के साथ वहां मारपीट की गयी, तो उन लोगों ने पुलिस को गुप्त रूप से सूचना दे दी. पुलिस ने अन्य लड़कियों के साथ लता को भी मुक्त कराया. पांच महीना बाद लता के परिजनों का पता कर उसे गुमला लाया गया. लता अभी सीडब्ल्यूसी की संरक्षण में है.
दिल्ली में लड़कियां सुरक्षित नहीं: लता ने कहा कि उसका बड़ा भाई हर बात पर पीटता था. इसलिए वह दलाल सरिता के बहकावे में आकर दिल्ली चली गयी. लेकिन दिल्ली में झारखंड की लड़कियां सुरक्षित नहीं है.
इसलिए वह अब कभी दिल्ली नहीं जायेगी.
मां के साथ नहीं गयी लता: लता अपने घर नहीं जाना चाहती है. उसकी बूढ़ी मां लता को लेने के लिए सीडब्ल्यूसी कार्यालय पहुंची थी. लेकिन लता ने यह कह कर घर जाने से इंकार कर दी कि उसे फिर पीटा जायेगा. उसने गुमला में ही रह कर पढ़ने की इच्छा प्रकट की है. इसलिए सीडब्ल्यूसी ने उसे अपने संरक्षण में रखा है.
विमला का सुराग नहीं मिल रहा
लता के साथ अन्य चार लड़कियां दिल्ली गयी थी. इसमें पहले ही तीन लड़कियों को पुलिस ने मुक्त करा कर गुमला भेज दिया. लेकिन अभी भी डेवीडीह गांव की विमला कुमारी का कोई सुराग नहीं है.
लता ने कहा कि विमला को कहां बेचा गया है, उसे पता नहीं है. सीडब्ल्यूसी चेयरमैन तागरेन पन्ना ने कहा कि विमला का पता किया जा रहा है. उसे भी बहुत जल्द मुक्त करा लिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >