गुमला : गुमला की चार लड़कियां दिल्ली में बिकने से बच गयी. इन लड़कियों को दलालों के चंगुल से मुक्त करा कर गुमला लाया गया. सीडब्ल्यूसी कार्यालय में सभी के परिजनों को बुलाकर लड़कियों को सौंप दिया गया. दो लड़कियां असनी व चंदाली गांव की है.
इन दोनों लड़कियों के अनुसार ये लोग टाटा नगर जा रही थी. 26 जनवरी को रेलवे चाइल्ड लाइन ने लड़कियों को मुक्त कराया. हालांकि इन लड़कियों के बयान पर सीडब्ल्यूसी जांच कर रही है. क्योंकि इसमें से एक लड़की पर सीडब्ल्यूसी को शक है कि कहीं वही दूसरी लड़की को दिल्ली ले जा रही थी.
दलालों से चंगुल से मुक्त करायी गयी अन्य दो लड़कियों में एक डेवीडीह पतराटोली व दूसरी लड़की कामडारा पोजे गांव की है. इन लोगों को मानव तस्कर ले जा रहे थे. इस मामले में आहतू थाने में केस दर्ज होगा. सीडब्ल्यूसी सदस्य अलख नारायण संजय, धनंजय मिश्र व डॉ अशोक मिश्र ने कहा कि इन चारों लड़कियों के मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
