गुमला/रायडीह : जिले के दो अलग-अलग स्थानों में हुई सड़क दुर्घटना में दो युवक बेहराटोली निवासी आशीत बारवा (23)व कोबीटोली कांसीर निवासी अनुज कुजूर (13) की मौत हो गयी है. वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए. घायलों में बरिशा कुंबाटोली निवासी सुनील पन्ना (23), कोबीटोली कांसीर निवासी दिलसान टोप्पो (15) व अजय कुजूर (18)हैं. तीनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल गुमला में चल रहा है. पहली घटना सदर थाना के नवाटोली के समीप हुई.
जिसमें बाइक सवार आशीत बारवा व सुनील पन्ना कॉलेज की ओर से गुमला शहर आने के क्रम में अज्ञात टेंपो से सीधी भिड़ंत होने से घायल हो गये. स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को सदर अस्पताल में भरती कराया गया. जहां इलाज के क्रम में आशीत की मौत हो गयी. वहीं दूसरी घटना रायडीह थाना के कांसीर चापाटोली के समीप हुई.
जिसमें कोबीटोली कांसीर निवासी अनुज की मौत हो गयी. इस घटना में दिलसान व अजय घायल हो गये. जानकारी के अनुसार एक बाइक पर कोबीटोली से रायडीह आने के क्रम में कांसीर चापाटोली के समीप अनियंत्रित होकर गिरने से अनुज की मौत घटनास्थल पर हो गयी. दिलसान व अजय को प्राथमिक इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में होने के बाद गुमला अस्पताल भेज दिया गया.
