गुमला : नक्सलियों के गढ़ में जन अदालत लगा कर ग्रामीणों ने की कार्रवाई
सात जनवरी को महिला की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गयी थी
चैनपुर(गुमला) : चैनपुर थाना के तहत दरकाना गांव में शुक्रवार को ग्रामीणों ने जन अदालत लगायी और गैंगरेप व हत्या के एक आरोपी जिरमी गांव के लालमोहन महतो को ग्रामीणों ने जिंदा जला कर मार डाला. इससे पहले उसकी लाठी-डंडे से पिटाई की, गुप्तांग काट लिया था. वहीं एक अन्य आरोपी जयपुर गांव के संतोष बेक की पिटाई करने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया. ग्रामीण खुद संतोष को थाना लेकर पहुंचे.
वहीं अन्य दो आरोपी याकूब बेक व दिलीप केरकेट्टा को भी ग्रामीण मारनेवाले थे. लेकिन जयपुर गांव के लोग दोनों को बचा कर ले जाने में सफल रहे. इस दौरान जयपुर व दरकाना गांव के लोगों के बीच लंबी बहस हुई है. गैंगरेप में हर्रा गांव के अमित उरांव व विकास एक्का के भी शामिल होने की बात ग्रामीण कह रहे हैं. ग्रामीण इन आरोपियों को भी मारने के लिए खोज रहे हैं.
जानकारी के अनुसार बीते सात जनवरी को सभी आरोपियों ने पीरहापाट गांव की एक महिला की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी थी. वह लकड़ी चुनने जंगल गयी थी. तभी कब्जे में लेकर सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसे मार दिया था. उस समय थाने में अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया था.
ऐसे मामला सामने आया
आरोपी संतोष बेक तिगावल गांव में किसी से फोन पर बात कर रहा था. फोन पर वह किसी को कह रहा था कि पीरहापाट में उन्हीं लोगों ने महिला के साथ रेप करने के बाद उसकी हत्या कर दी थी.
यह बात कुछ लोगों ने सुन ली. इसकी जानकारी जिरमी व दरकाना के लोगों को दी गयी. सात बाइक में सवार होकर ग्रामीण तिगावल पहुंचे और संतोष को पकड़ लिया. संतोष की जब पिटाई की गयी, तो उसने पूरी घटना की जानकारी दी. वहीं जिस स्थान पर महिला की गैंगरेप के बाद हत्या की गयी. उस स्थान को भी दिखाया. इसके बाद ग्रामीण अन्य आरोपियों को अपने कब्जे में लेकर जन अदालत में फैसला सुना कर कार्रवाई की गयी.
दिलीप और याकूब को बचा कर ले गये जयपुर गांव के लोग
मामला सामने आने के बाद जयपुर गांव के दिलीप केरकेट्टा व याकूब बेक को भी जन अदालत में प्रस्तुत किया गया. दिलीप व याकूब के साथ अनहोनी की आशंका पर जयपुर गांव के कई लोग जन-अदालत में पहुंच गये. दोनों पर आरोपी सिद्ध होने पर उन्हें सजा देने का फरमान सुनाया गया. लेकिन तभी ग्रामीणों ने लालमोहन का मौत के घाट उतार दिया. यह देख जयपुर के ग्रामीण गोलबंद हो गये और दिलीप व याकूब की जान किसी तरह बचा कर वहां से ले गये.
‘‘दुष्कर्म व हत्या के एक आरोपी को ग्रामीणों ने मार दिया. ग्रामीणों ने कानून को अपने हाथ में लिया है. इसमें केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
श्याम बिहारी मांझी, थानेदार, चैनपुर
