गुमला : जिला स्कूल में बुधवार को नवनियुक्त शिक्षकों का सात दिनी प्रशिक्षण शुरू हुआ. प्रशिक्षण में सिसई, भरनो व गुमला के 143 नवनियुक्त शिक्षक शामिल हुए. मुख्य अतिथि डीओ नीरू पुष्पा टोप्पो ने कहा कि समय के साथ शिक्षा में बदलाव आया है. आप सभी शिक्षक बनने के लिए निरंतर अध्ययन किया है.
आप शिक्षकों को शिक्षा के साथ बच्चों को कोर्स के अलावे सरकार की योजना को धरातल पर उतारना है. इसके लिए आपके अंदर नेतृत्व करने की क्षमता होनी चाहिए. प्रशिक्षण में बताये जा रहे बातों को आप सभी ध्यान पूर्वक ग्रहण कर एक कुशल शिक्षक के रूप में अपनी जिम्मेवारियों को निभायें. डीएसइ सच्चिदानंद द्विवेंदु तिग्गा ने नवनियुक्त शिक्षकों को प्रशिक्षण की रूपरेखा बतायी. साथ ही कहा कि प्रशिक्षण दोनों पालियों में चलेगा. इसलिए दोनो पालियों में अलग-अलग विषय पर प्रशिक्षक आपलोगों को जानकारी देंगे. साथ ही दोनों पालियों में आपकी उपस्थिति होगी.
कोई भी शिक्षक दोनों पालियों की हाजिरी बना कर नहीं जायेगा. प्रशिक्षक रामचंद्र खेरवार, मनमोहन मिश्र, सुरंजन कुमार व सुषमा नाग ने एतत व्यापक मूल्यांकन, बुनियाद व बुनियाद प्लस, प्रयास, पंजियों का संधारण करने के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी. मौके पर डिप्टी डीएसइ रविंद्र कुमार सिंह, प्राचार्य रमारमण मिश्र, छोटेलाल साहू मौजूद थे.
