गुमला: झारखंड विकास मोरचा के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी मंगलवार को केओ कॉलेज गुमला के हॉस्टल पहुंचे. वहां छात्र प्रमुख सहित अन्य छात्रों के साथ बैठक की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली. केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की मंशा सही नहीं है. सरकार यहां के छात्रों को हॉस्टल से बेदखल करना चाहती है.
सरकार को आदिवासी बच्चों की पढ़ाई की चिंता नहीं है. सरकार पढ़ाई की दिशा में कोई पहल नहीं कर रही है. गरीब किसान खेतीबारी कर अपने बच्चे को उच्च शिक्षा नहीं दे सकते हैं. सरकार की मंशा है कि गरीब का बच्चे न पढ़ें, इसलिए उन्हें हॉस्टल से निकालने की साजिश की जा रही है. आप सभी छात्र संगठित होकर संघर्ष करें.
सरकार व पदाधिकारी को मानसिकता बदलनी होगी. कॉरपोरेट घरानों को जमीन मुहैया कराने में सरकार लगी है. पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि यहां के हॉस्टल को लेकर साजिश रची जा रही है, परंतु झाविमो ऐसा नहीं होने देगा. इसके बाद केंद्रीय अध्यक्ष करमटोली स्थित मृत बिरहोर जिरमैत देवी के घर पहुंचे, जहां उनकी बेटी कजरी व सलमी बिरहोर से मुलाकात कर हाल-चाल जाना. मौके पर जिलाध्यक्ष सुजीत नंदा, गोविंदा टोप्पो, सकल सिंह, पतराज टोप्पो, संजय किंडो, महीप उरांव, मो शकील खान, सुशील गोस्वामी, महावीर उरांव, पूनम कच्छप, ममता टोप्पो, सुलेमान उरांव, करमा उरांव, शंभु खड़िया, शनिचरवा उरांव, रंजीत भगत, मनोज उरांव, गौतम भगत, धनेश्वर भगत, जामवंत उरांव, जलेश्वर उरांव, निलेश उरांव व निरंजन उरांव सहित कई लोग मौजूद थे.
गरीब विरोधी है भाजपा सरकार
घाघरा. घाघरा प्रखंड के बड़काडीह के मृत किसान बिरसई उरांव के परिजन से मंगलवार को झाविमो केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी व बंधु तिर्की ने मुलाकात की. किसान की पत्नी सुकरमनी उरांव, बेटी गंदूरी कुमारी की माली हालत देखा. केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड सरकार गरीबों की सरकार नहीं है. यह पूंजीपतियों की सरकार है. इसे किसान की तनिक भी फिक्र नहीं है. केंद्रीय अध्यक्ष ने बीडीओ विजय सोनी से प्रशासन द्वारा मिले मुआवजे की जानकारी ली. इसके बाद केंद्रीय अध्यक्ष छोटा खटंगा के मृत किसान रंथू के परिजनों से मिले व हाल चाल जाना. मौके पर थानेदार सुदामा चौधरी, जिलाध्यक्ष सुजीत नंदा, संजय उरांव, बबलू कुमार, गोविंदा टोप्पो, सुशील गोस्वामी व महेंद्र उरांव सहित कई लोग मौजूद थे.
