कोलेबिरा. अघरमा स्थित सिमडेगा-रांची मुख्य पथ पर वन विभाग के पदाधिकारियों ने मवेशियों से लदा एक वैन जब्त किया और उसे पुलिस को सौंप दिया. वैन पर 10 मवेशी थे. इधर, पुलिस ने तीन मवेशी तस्करों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब चार बजे वन क्षेत्र पदाधिकारी प्रमोद कुमार, विनोद कुमारी, प्रभारी वनपाल अशोक झा, वन रक्षी राजेंद्र सिंह एवं होमगार्ड के जवान गश्ती कर रहे थे. इसी दौरान सिमडेगा की ओर तेज गति से दो पिकअप वैन आ रहे थे. पदाधिकारियों ने उक्त वाहनों को रूकने का इशारा किया, किंतु चालकों ने वाहनों की गति और बढ़ा दी और रांची की ओर तेजी से भागने लगे.
वन विभाग के पदाधिकारियों ने उनका पीछा किया गया. इस क्रम में अघरमा ग्राम के समीप एक पिकअप वैन (ओडी 17जे-3866) को पकड़ा, जबकि एक वाहन भागने में सफल रहा. वाहन में दो गाय एवं आठ बैल लदे थे. वाहन में सवार ओड़िशा बरगढ़ निवासी मो शकील, धनमाली सोनाली एवं गणेश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. वन विभाग के पदाधिकारियों ने मवेशियों व पकड़े गये लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया.
