रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट
रांची. लालपुर थाना क्षेत्र के मोरहाबादी रजिस्ट्री ऑफिस के पास गुरुवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अपराधियों ने कार वॉश करा रहे एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन झपट ली. झपट्टे के दौरान चेन टूट गयी, जिससे उसका आधा हिस्सा पीड़ित के हाथ में रह गया, जबकि अपराधी आधी चेन लेकर फरार हो गये.
घटना सुबह करीब 10:35 बजे की बतायी गयी है. लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी कुंदन प्रसाद ने मामले को लेकर लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस को दिये आवेदन के अनुसार, वह अपनी कार की धुलाई करा रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवक पीछे से पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली.
पीड़ित के अनुसार, दोनों युवकों ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे. घटना के बाद दोनों बाइक से तेजी से फरार हो गये. अचानक हुई वारदात के कारण पीड़ित जब तक कुछ समझ पाते, दोनों अपराधी मौके से निकल चुके थे.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद लालपुर थाना की पुलिस जांच में जुट गयी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. दिनदहाड़े हुई चेन छिनतई की इस घटना से मोरहाबादी और आसपास के इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता है.
