महागामा नगर पंचायत चुनाव : मतदान केंद्रों की बुनियादी सुविधाओं में खामियां

वार्ड नंबर 2 के आंगनबाड़ी केंद्र के बाहर खुले नाले और कचरे से मतदाताओं की सुरक्षा खतरे में

महागामा नगर पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं. कुल 17 वार्डों में 27 मतदान बूथ बनाये गये हैं और विभिन्न बूथों पर मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दावा किया जा रहा है. हालांकि, कुछ स्थानों पर जमीनी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. ऐसा ही मामला वार्ड नंबर 2 के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 6 स्थित मतदान केंद्र के बाहर देखने को मिला है. स्थानीय लोगों के अनुसार मतदान केंद्र के ठीक बाहर लंबे समय से नाले की सफाई नहीं हुई है. नाले में कचरा भरा हुआ है और कई जगहों पर ढक्कन भी नहीं है. इससे वहां आने-जाने वाले मतदाताओं, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है. बरसात या पानी बहाव की स्थिति में फिसलन और गिरने की संभावना बढ़ सकती है. जानकारी के मुताबिक इस बूथ पर कुल 775 मतदाता पंजीकृत हैं, जो 23 फरवरी को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. मतदान के दिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होगी, ऐसे में खुले नाले और कचरे के कारण दुर्घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. बूथ के बाहर चापानल की भी अनुपस्थिति स्थिति को और गंभीर बना रही है.

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

स्थानीय मतदाताओं ने संबंधित विभाग और नगर पंचायत प्रशासन से नाला की सफाई और सुरक्षा इंतजाम तुरंत करने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते सफाई और अस्थायी ढकाव की व्यवस्था कर दी जाये तो संभावित खतरे को टाला जा सकता है और मतदान प्रक्रिया सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >