जवाहर नवोदय विद्यालय ललमटिया में अग्निशमन विभाग की ओर से आग से बचाव को लेकर प्रशिक्षण दिया गया. इस दौरान छात्र-छात्राओं को आग से बचाव व सावधानियां बरतने के विभिन्न उपायों का प्रदर्शन मॉक ड्रिल के माध्यम से दिखाया गया. प्रशिक्षण के दौरान सिलेंडर से निकले गैस में लगी आग पर नियंत्रण पाने के लिए पानी से भींगे हुए कपड़े को गैस सिलेंडर पर लगाकर आग बुझा कर दिखाया गया. विभिन्न एक्टिविटी कर आग पर कैसे काबू पाया जा सकता है, इसकी जानकारी दी गयी. प्रशिक्षण में बताया गया कि आपदा से निपटने के लिए जागरूकता आवश्यक है. जागरूकता फैला कर हम आग से होने वाले नुकसान को कम कर सकते हैं. साथ ही सावधानियां अपना कर दुर्घटना को टालने व समय रहते स्वयं व दूसरे को भी सुरक्षित करने की जानकारी दी गयी. इस दौरान घर, विद्यालय, संस्थान, दुकान आदि पर अग्नि शमन यंत्र रखने को लेकर जागरूक किया गया. मौके पर बच्चों को आग लगने के कारण, आग की प्रवृत्ति और आग से बचाव के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी गयी. बताया गया कि घरों में घटिया बिजली वायरिंग, रसोई गैस लीकेज, शॉर्ट सर्किट से आग लगने का खतरा अधिक रहता है. आग लगने पर घबराने की जरूरत नहीं है. हिम्मत से काम लेकर हम आग पर काबू पा सकते हैं. प्रशिक्षण के बाद छात्र-छात्राओं ने आग पर काबू करने के तरीकों को प्रायोगिक तौर पर खुद करके भी देखा. बताया गया कि बच्चे अपने घर के सदस्यों को भी आग से बचाव को लेकर जागरूक करें, ताकि आपातकालीन स्थिति में आग लगने पर बुझाया जा सकें. प्रशिक्षण में रसायन विभाग के शिक्षक अरविंद कुमार ने रासायनिक प्रतिक्रिया के बारे में भी बच्चों को बताया. इस अवसर पर प्राचार्य प्रेम कुमार मिश्रा, डॉ. विपिन कुमार,आरएस पाठक, राजेश कुमार, नीरज कुमार, एमके झा, पूनम कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
