गड्ढों से भरी सड़कें पैदल और वाहन दोनों के लिए बनी चुनौती

ठाकुरगंगटी क्षेत्र की ग्रामीण सड़कें बदतर हालात में

ठाकुरगंगटी क्षेत्र की ग्रामीण सड़कों की स्थिति दिनों-दिन बदतर होती जा रही है. सड़कें इतनी खराब हो चुकी हैं कि वाहन तो दूर की बात है, पैदल चलना भी चुनौतीपूर्ण बन गया है. विशेषकर देवघर चौक से हरिनकोल तक जाने वाली सड़क की हालात चिंताजनक हैं. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आये हैं, जिससे ऐसा प्रतीत होता है मानो सड़क पर डोभा बन गया हो. सड़क पर सफर करने वाले प्रतिदिन हिचकोले खाते हुए अपनी यात्रा पूरी करने को मजबूर हैं. ग्रामीण रितेश कुमार, जितेंद्र कुमार, सोनू कुमार, गुड्डू प्रसाद महतो, शिवशंकर महतो, फ़ुंदी मड़ैया और ब्रजमोहन महतो ने बताया कि जब सड़क ही सुरक्षित नहीं है तो आम लोग सुरक्षित कैसे रह सकते हैं. इस मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं, फिर भी सड़कों की दुर्दशा कुछ और ही बयान कर रही है. उल्लेखनीय है कि देवघर चौक पर सप्ताह में दो दिन, गुरुवार और रविवार को, हाट लगती है. व्यापारी और अन्य गांव के लोग इसी सड़क मार्ग से हाट में खरीदारी करने आते हैं. शाम के बाद इस सड़क पर चलना लोगों के लिए अपनी जान को जोखिम में डालने के समान हो गया है. इसके अलावा माल मंडरो बाजार भी लोग इसी मार्ग से आते-जाते हैं. यह सड़क दूरी कम करने और यात्रा आसान बनाने में मदद करती है. बावजूद इसके, सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्य की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी है. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक एवं सह मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने डेढ़ साल पूर्व इस सड़क के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी थी, ताकि जर्जर सड़कों की मरम्मत की जा सके. ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर किस कारण से यह निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है, जिससे प्रतिदिन क्षेत्र के लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sanjeet kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >