मेहरमा थाना में बुधवार को रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व को शांति और अनुशासन के साथ मनाने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर ने की. बैठक में मुख्य रूप से महागामा एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद, सीओ खगेन महतो, इंस्पेक्टर रूबी मिंज के अलावा थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे. बैठक के दौरान एसडीपीओ ने गांवों में रामनवमी के जुलूसों का मार्ग, ईद की नमाज का समय और सरहुल पर्व मनाये जाने की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि पर्व किसी भी धर्म का क्यों न हो, यह हमेशा उमंग और उल्लास का अवसर होना चाहिए. लेकिन कुछ उचक्के और सोशल मीडिया पर फैलाए जाने वाले भ्रामक प्रचार के कारण पर्व का माहौल खराब होता है. एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि पुलिस की नजर हर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रहेगी और भ्रामक या तथ्यहीन संदेश फैलाने वाले व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन और उपयोगकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, उचक्कों पर भी पुलिस पैनी नजर रखेगी. सीओ खगेन महतो ने निर्देश दिया कि रामनवमी के जुलूस निकालने से पहले अनुमति लेना अनिवार्य है. केवल जिनके पास लाइसेंस होगा, वही जुलूस निकाल सकते हैं. निर्धारित मार्ग का पालन करना जरूरी है और नियमों का उल्लंघन करने पर जिम्मेदार कमेटी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. बैठक में मनिंद्र सिंह, शम्भूनाथ यादव, गुलजारीलाल नंदा, अश्विनी मिश्रा, मो परवेज और मो फैयाज समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
शांति व भाईचारे के साथ मनायें उमंग और उल्लास का पर्व : एसडीपीओ
पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार रोकने और जुलूस हेतु अनुमति लेने के दिये निर्देश
