महुआटांड गांव में मांझी थान निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

आदिवासी बहुल क्षेत्र के सामाजिक-धार्मिक कार्यक्रमों और परंपरा के निर्वाह के लिए मांझी थान की आवश्यकता

पोड़ैयाहाट प्रखंड की सकरी फूलवार पंचायत अंतर्गत महुआटांड गांव के ग्रामीणों ने मांझी थान निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू को ज्ञापन सौंपा. ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ने तुरंत जिला कल्याण पदाधिकारी, गोड्डा को पत्र प्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया. ज्ञापन सौंपने पहुंचे ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी आसदेव सोरेन ने बताया कि महुआटांड गांव पूरी तरह से आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जहां लगभग 200 परिवार निवास करते हैं. गांव में संथाल समाज की बहुलता है और सामाजिक-धार्मिक कार्यक्रमों तथा पारंपरिक रीति-रिवाजों के निर्वहन के लिए गांव में एक भी मांझी थान नहीं है. ग्रामीण महिला सुनीता हेम्ब्रम ने कहा कि मांझी थान हमारे समाज की पहचान है. यह केवल पूजा स्थल नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और ग्राम पंचायत का केंद्र भी है. मांझी थान के अभाव में ग्रामीणों को शादी-विवाह, भंडारा, जातीय पूजा-पाठ और ग्रामसभा के आयोजन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. बरसात और गर्मी में कई बार खुले में बैठक करनी पड़ती है, जिससे समस्या और बढ़ जाती है. बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू ने बताया कि यह मामला जनजातीय संस्कृति और आस्था से जुड़ा है और इसे प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा. उन्होंने ग्रामीणों के समक्ष जिला कल्याण पदाधिकारी को पत्र तैयार कर भेजा, जिसमें लिखा गया कि महुआटांड गांव में मांझी थान निर्माण की मांग जायज है. पत्र में जिला कल्याण विभाग से राशि आवंटित कर जल्द निर्माण कार्य शुरू करने का अनुरोध किया गया है. बीडीओ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि विभागीय प्रक्रिया पूरी होते ही स्थल निरीक्षण कर एस्टीमेट तैयार कराया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >