हनवारा थाना के खुर्द डुमरिया गांव में रविवार देर रात वृद्ध सीताराम सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गयी और लोग घटना के कारणों को लेकर चर्चा कर रहे हैं. जानकारी के अनुसार, वृद्ध और उनकी पतोहू के बीच घर में कहासुनी हुई थी. विवाद के बाद वृद्ध घर से बाहर निकले और सड़क किनारे गिर जाने के कारण उनकी मृत्यु हो गयी. मृतक लंबे समय से बीमार थे और परिजन घटना को उनकी बीमारी व चक्कर आने से हुई दुर्घटना मान रहे हैं. सूचना मिलते ही हनवारा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया. थाना प्रभारी ध्रुव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक दृष्टि में वृद्ध की मौत सड़क किनारे गिरने से हुई प्रतीत होती है. हालांकि, मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी. पुलिस मामले की हर बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है. मृतक के परिवार का कहना है कि किसी प्रकार की मारपीट या अन्य अप्रिय घटना नहीं हुई. मृतक का एक पुत्र प्रदेश में मजदूरी करता है, जबकि घर में उनकी पतोहू और दो बच्चे रहते हैं. गांव के लोग घटना को लेकर अलग-अलग राय व्यक्त कर रहे हैं. कुछ लोग इसे पारिवारिक विवाद से जोड़कर देख रहे हैं, तो कई लोग वृद्ध की पुरानी बीमारी और चक्कर को मौत का कारण मान रहे हैं.
हनवारा थाना क्षेत्र में वृद्ध की सड़क किनारे मौत से फैली सनसनी
पोस्टमार्टम के लिए शव सदर अस्पताल गोड्डा भेजा गया, पुलिस जांच में जुटी
