दुर्गंध व कीचड़ से दुकानदार परेशान, संक्रमण का खतरा

जेसीबी और सफाई कर्मियों के माध्यम से नालों से काली गाद निकाली जा रही है. नियमानुसार गाद को तुरंत ट्रैक्टरों के जरिये शहर से बाहर डंप किया जाना चाहिए था, लेकिन विडंबना यह है कि कचरे को सड़क किनारे ही ऊंचे ढेर के रूप में छोड़ दिया जा रहा है.

संकट. नाले की सफाई के बाद सड़क किनारे छोड़ी गयी गाद से बढ़ी परेशानी

प्रतिनिधि, गोड्डा

शहर को जलजमाव से मुक्ति दिलाने के लिए नगर परिषद द्वारा मुख्य सड़कों के किनारे नालों की सफाई अभियान शुरू किया गया है, लेकिन कार्यशैली में दूरदर्शिता की कमी के कारण यह अभियान अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है. शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों पर जेसीबी और सफाई कर्मियों के माध्यम से नालों से काली गाद निकाली जा रही है. नियमानुसार गाद को तुरंत ट्रैक्टरों के जरिये शहर से बाहर डंप किया जाना चाहिए था, लेकिन विडंबना यह है कि कचरे को सड़क किनारे ही ऊंचे ढेर के रूप में छोड़ दिया जा रहा है. दुकानदारों का कहना है कि जेसीबी से नाला सफाई के दौरान कई जगह स्लैब भी तोड़ दिए जा रहे हैं, जिससे ग्राहकों को दुकानों में आने-जाने में परेशानी हो रही है. गाद से उठ रही दुर्गंध के कारण दुकानों में ग्राहकों की संख्या भी कम हो गयी है. मानसून सिर पर है. यदि समय रहते इस गाद का उठाव नहीं किया गया, तो शहर को जलजमाव की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ सकता है. लोगों ने प्रशासन से सफाई के साथ-साथ कचरा प्रबंधन पर भी ध्यान देने की मांग की है ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो.

बारिश ने खोली सफाई व्यवस्था की पोल

बीते दिनों हुई हल्की बारिश ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी. सड़क किनारे जमा गाद बारिश के पानी के साथ बहकर दोबारा उन्हीं नालों में पहुंच रही है, जिनकी सफाई की गई थी. इससे मेहनत और संसाधनों की बर्बादी हो रही है. साथ ही सड़क पर कीचड़ फैलने से पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है. धूप निकलने पर यही गाद धूल बनकर हवा में फैल रही है, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है.

दुकानदार फिरोज, मनोज और शाहिद ने कहा कि नालों से कचरा निकालकर सड़क पर छोड़ देना समझ से परे है. जैसे ही बारिश होती है, सारा कीचड़ फिर से नाले में बह जाता है. यह सिर्फ सरकारी पैसे और संसाधनों की बर्बादी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >