गोड्डा सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है. अस्पताल प्रशासन की उदासीनता और कर्मचारियों की मनमानी के कारण मरीजों को उचित इलाज के साथ-साथ बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं. अस्पताल में फैले कुप्रबंधन ने स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोल दी है. गंभीर मरीजों के लिए बनाया गया तीन एचडीयू (हाई डिपेंडेंसी यूनिट) वार्ड वर्तमान में बंद पड़ा है और इसके तीनों गेट पर ताला लटका हुआ है. वहीं, आईसीयू सहित कई महत्वपूर्ण वार्डों में स्वच्छता के दावों की हवा निकल गयी है. मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि कई दिनों से बेडशीट तक नहीं बदली गयी, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है. अस्पताल की लिफ्ट कई दिनों से खराब पड़ी है, जिससे गंभीर मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को स्ट्रेचर के जरिए सीढ़ियों से ऊपर-नीचे ले जाना पड़ रहा है. कर्मचारियों की कथित मनमानी के कारण मरीजों की शिकायतें सुनने वाला कोई नहीं है. परिजन बताते हैं कि हम इलाज के लिए आते हैं, लेकिन यहां की व्यवस्था देखकर लगता है कि बीमारी और बढ़ जाएगी. न लिफ्ट काम कर रही है, न वार्डों में सफाई है और न ही स्टाफ से बात हो पा रही है.
अर्ली इंटरवेंशन सेंटर तीन साल से अधूरा
जिला सदर अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए शुरू की गयी अर्ली इंटरवेंशन सेंटर योजना भी प्रशासनिक अनदेखी और ठेकेदार की मनमानी की भेंट चढ़ गयी है. लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह तीन मंजिला भवन तीन साल बीत जाने के बाद भी अधूरा है. इस सेंटर का निर्माण राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है, जिसमें बच्चों में जन्मजात दोष, बीमारियां, विकासात्मक देरी और पोषण संबंधी कमियों की शुरुआती पहचान और मुफ्त इलाज किया जाना था. इससे जिले के गरीब परिवारों को बड़े शहरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती. जानकारी के अनुसार भवन का ढांचा खड़ा हो गया है, लेकिन इसका लाभ मरीजों को नहीं मिल रहा. संवेदक पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. स्वास्थ्य विभाग के एमडी शशि प्रकाश झा ने करीब एक साल पहले इस अधूरे भवन का निरीक्षण किया था और संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने का निर्देश दिया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. बताया जा रहा है कि संवेदक धनबाद का है और रसूखदार होने के कारण विभाग नरम पड़ा हुआ है.क्या कहते हैं उपाधीक्षक
वर्तमान समय में एचडीयू वार्ड कई कमियों के कारण चालू नहीं किया गया है, यहां केवल आईसीयू वार्ड ही कार्यरत है. जल्द ही एचडीयू वार्ड को चालू किया जाएगा. खराब लिफ्ट की मरम्मत मंगलवार को टेक्निशियन द्वारा की जाएगी. अधूरे अर्ली इंटरवेंशन सेंटर मामले से विभाग को अवगत करा दिया गया है.
