राजमहल कोल परियोजना के एरिया कार्यालय सभागार में गुरुवार को ग्रुप सेफ्टी कमेटी की बैठक आयोजित की गयी. बैठक का नेतृत्व क्षेत्रीय महाप्रबंधक एएन नायक एवं महाप्रबंधक (सुरक्षा) अशोक कुमार ने किया. बैठक की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई. क्षेत्रीय महाप्रबंधक ने अतिथियों को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया. इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक एएन नायक ने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन करना सभी कर्मचारियों का कर्तव्य और दायित्व है. उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए कोयला खनन जरूरी है, लेकिन सुरक्षा के साथ खनन कार्य करना सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने बताया कि राजमहल परियोजना हमेशा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य करती है, जिसके लिए परियोजना को कोल इंडिया द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है. बैठक के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर शपथ भी ली. प्रोजेक्टर के माध्यम से खनन क्षेत्र में अपनाये जाने वाले सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गयी. कॉरपोरेट सुरक्षा बोर्ड के सदस्यों द्वारा परियोजना के हुर्रासी कोयला खनन क्षेत्र का निरीक्षण भी किया गया. निरीक्षण के दौरान मानसून के मौसम में खनन कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक सुझाव दिये गये. अधिकारियों ने कहा कि मानसून के दौरान सुरक्षित खनन कार्य सुनिश्चित करने के लिए वर्षा के पानी को खनन क्षेत्र में प्रवेश करने से रोकना आवश्यक है. साथ ही हॉल रोड पर फिसलन न हो, इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि खनन क्षेत्र में प्रवेश करने से पूर्व सभी सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करें. बैठक में महाप्रबंधक (परिचालन) दिनेश शर्मा, प्रोजेक्ट ऑफिसर ओपी चौधरी, सुरक्षा पदाधिकारी पी. वर्णवाल एवं पी.के. यादव, कार्मिक प्रबंधक प्रणव कुमार, सुरक्षा बोर्ड सदस्य माधव बनर्जी, अनिल सिंह, श्रीकांत दत्ता, विनोद सिंह, जयंत मित्रा, आईएसओ पदाधिकारी अपूर्वा ठाकुर, अविनाश सिंह सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
मानसून में सुरक्षित खनन को लेकर अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश
राजमहल कोल परियोजना में सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
