कुर्बानी के साथ दी गयी भाईचारे की मिसाल

ईदगाहों और मस्जिदों में अदा की गयी नमाज

पथरगामा प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया. इस अवसर पर मुस्लिम धर्मावलंबियों ने मस्जिदों एवं ईदगाहों में विशेष नमाज अदा की. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की शुभकामनाएं दीं. रानीपुर ईदगाह में हाजी गुलाम हैदर के नेतृत्व में बकरीद की नमाज अदा करायी गयी. इसके अलावा रानीपुर ईदगाह, जामा मस्जिद (सोनारचक), चौरा मस्जिद, पड़वा मस्जिद, बेलटिकरी, रूपुचक, पथरकानी, सियारडीह, बलिया, मांछीटांड़, काला डुमरिया तथा मोमिन टोला खरियानी सहित विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में हाजी एवं मौलवियों के द्वारा नमाज अदा कराई गयी. नमाज के पश्चात मुस्लिम समुदाय के लोगों ने परंपरा के अनुसार कुर्बानी की रस्म पूरी की. इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे से मिलकर भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया. बच्चों में भी पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा गया और उन्होंने भी एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की बधाई दी. इस अवसर पर रानीपुर पंचायत की मुखिया जयरानी देवी तथा समाजसेवी मनोज मेहरा ने समुदाय के लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं. पर्व के दौरान लोगों ने नये वस्त्र धारण कर उत्साहपूर्वक त्योहार मनाया. जानकारों के अनुसार बकरीद का पर्व रमजान के पवित्र महीने की समाप्ति के लगभग 70 दिनों बाद मनाया जाता है. इस्लामी मान्यता के अनुसार हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम ने अल्लाह के आदेश पर अपने पुत्र हजरत इस्माइल की कुर्बानी देने का संकल्प लिया था. उनकी निष्ठा को देखते हुए अल्लाह ने उनके पुत्र को जीवनदान दिया, जिसकी याद में यह पर्व मनाया जाता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >