ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़कों की स्थिति दिनोंदिन बदतर होती जा रही है. हल्की बारिश के बाद ही कई सड़कों की जर्जर हालत उजागर हो रही है. स्थिति ऐसी बन गई है कि सड़कों पर चलना जोखिम भरा साबित हो रहा है. खासकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है, क्योंकि कभी भी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है. क्षेत्र में दर्जनों सड़कें आज भी जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पड़ी हुई हैं. कई स्थानों पर हालत इतनी खराब है कि वहां वाहन तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. लगातार उपेक्षा से नाराज ग्रामीण अब कुछ प्रमुख सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने में जुट गये हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि कई सड़कों के निर्माण कार्य को लेकर शिलान्यास तो किया गया, लेकिन मामला केवल शिलापट्ट तक ही सीमित रह गया. वर्षों बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सड़क निर्माण नहीं कराया गया, तो आंदोलन उग्र रूप ले सकता है.
जर्जर सड़कों से ग्रामीण परेशान, आंदोलन की तैयारी में लोग
-हल्की बारिश में खुल रही सड़कों की पोल, आवागमन में हो रही भारी परेशानी
