हनवारा: महागामा प्रखंड क्षेत्र के विश्वासखानी गांव से सावन के पावन महीने में रविवार को इस वर्ष भी दर्जनों कांवरियों का जत्था डाक बम के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए रवाना हुआ. यात्रा पर निकलने से पूर्व कांवरियों ने गांव स्थित काली मां मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया. कांवरियों के जत्थे के रवाना होते ही पूरा गांव हर-हर महादेव, बोल बम और जय भोलेनाथ के जयघोष से गूंज उठा.
कांवरिया वेशभूषा में सजे श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति के साथ बाबा धाम की ओर रवाना हुए. इससे गांव का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया. कांवरियों ने बताया कि वे सुल्तानगंज पहुंचकर उत्तरवाहिनी गंगा से गंगाजल भरेंगे और वहां से करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे.
बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने के बाद कांवरिया बाबा बासुकीनाथ मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन एवं भ्रमण करेंगे. कांवरियों ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में भगवान भोलेनाथ का दर्शन और जलाभिषेक करना उनके लिए आस्था एवं सौभाग्य का विषय है.
यात्रा को लेकर सभी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है. कांवरियों के जत्थे में चंदन तांती, भोला तांती, बबलू तांती, मदन कुमार सोनी, प्रदीप पंडित, सोनू कुमार सहित दर्जनों श्रद्धालु शामिल हैं.
