पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में चलाये जा रहे अपराध नियंत्रण एवं चोरी की बाइक बरामदगी अभियान के तहत गोड्डा नगर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने छापेमारी कर चोरी की तीन बाइकें बरामद की हैं और इस मामले में चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में पथरगामा थाना क्षेत्र के चपरी गांव निवासी 19 वर्षीय अनुज कुमार (पिता – सुशील मंडल), मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिमड्डा गांव निवासी 21 वर्षीय जोसफ मंडल (पिता – सुभाष चंद्र मंडल), अमडीहा गांव निवासी 21 वर्षीय अर्जुन कुमार उर्फ अर्जुन कुमार दास (पिता – कमल कृष्ण दास), नगर थाना क्षेत्र के गोढ़ी घाट निवासी 22 वर्षीय अमन कुमार उर्फ अमन मंडल उर्फ बॉबी (पिता – दिनेश मंडल) शामिल है. मंगलवार को नगर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रशिक्षु डीएसपी कुमार गौरव ने बताया कि बीते सोमवार को संध्या गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली कि नगर थाना क्षेत्र के जमुआ गांव के पास हाईवे पुल के नीचे कुछ व्यक्ति चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना का सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई हेतु पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा गया. वहां तीन लड़के तीन चोरी की बाइक के साथ पकड़े गये. पूछताछ में अपराधियों ने बताया कि वे अपने साथी सिमड्डा निवासी विभिषण मंडल उर्फ विशु और गोढ़ी घाट निवासी अमन मंडल उर्फ बॉबी के साथ मिलकर बाइक चोरी करते थे और उन्हें लगभग 10 से 15 हजार रुपये में बेचते थे. गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ गोड्डा नगर थाना कांड संख्या-85/2026 दिनांक 27.04.2026 के सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया. प्रशिक्षु डीएसपी ने बताया कि अभियुक्त अमन कुमार उर्फ बॉबी के खिलाफ पहले से ही पोक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 6 मामले दर्ज हैं. वहीं सिमड्डा निवासी जोसफ मंडल के खिलाफ गोड्डा मुफ्फसिल थाना में 4 मामले दर्ज हैं. इस सफल छापेमारी अभियान में नगर थाना प्रभारी दिनेश कुमार महली, पुअनि लोकनाथ भगत, अंकित कुमार झा, भोलानाथ दास और रिजर्व गार्ड की मुख्य भूमिका रही.
गोड्डा पुलिस ने चोरी की तीन बाइकों के साथ चार अपराधियों को किया गिरफ्तार, भेजा जेल
गोड्डा पुलिस को सख्त कार्रवाई में मिली बड़ी सफलता
