झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वाधान में गोड्डा जिले को पहली बार अंडर 23 क्रिकेट मुकाबला आयोजित करने की जिम्मेवारी मिली. गोड्डा के अलावा बोकारो, दुमका आदि जिले में भी दूसरे अन्य जिले के क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. पहले दिन का मुकाबला जामताड़ा एवं गुमला जिले के बीच खेला गया, जिसमें जामताड़ा ने गुमला को हरा दिया. आयोजित अंडर 23 अंतर जिला क्रिकेट टूर्नामेंट का उदघाटन स्थानीय गांधी मैदान में एसडीओ बैजनाथ उरांव एवं पुलिस उपाधीक्षक अशोक प्रियदर्शी द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया. एसडीओ ने बल्लेबाजी एवं पुलिस उपाधीक्षक ने गेंदबाजी कर मैच की शुरुआत की. इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि अपलोग भाग्यशाली हैं कि जेएससीए इतना अच्छा प्लेटफॉर्म उपलब्ध करा रहा है. झारखंड क्रिकेट में काफी अच्छा कर रहा है. गोड्डा एसडीपीओ ने कहा कि मैं भी क्रिकेट खेलता था, लेकिन उस समय इस तरह का प्लेटफॉर्म उपलब्ध नहीं था. आज बेहतर तरीके से खिलाड़ियों को अपना परफारमेंस करने का मौका है.
रांची, धनबाद, गुमला, जामताड़ा, लोहरदगा व गढ़वा की टीमें खेलेगी गोड्डा में
गोड्डा में ग्रुप ए का मैच आयोजित कराया जा रहा है. ग्रुप ए में रांची, धनबाद, गुमला, जामताड़ा, लोहरदगा एवं गढ़वा की टीम शामिल है. पहले मैच में जामताड़ा ने गुमला को 72 रनों से पराजित किया. गुमला ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए जामताड़ा की टीम 47 ओवर में 224 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी. मुकेश कुमार ने 48 रन एवं ह्रितिक ने 36 रन बनाये. जवाब में गुमला की टीम सिर्फ 152 रनों पर ऑल आउट हो गयी. खुशाल मीत ने 60 रन एवं आयुष ने 39 रन की पारी खेली. जामताड़ा की ओर से मुकेश ने पांच विकेट एवं ह्रितिक ने तीन विकेट प्राप्त किया. मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मुकेश कुमार को पर्यवेक्षक काजल दास द्वारा ट्रॉफी एवं पांच हजार नकद राशि प्रदान की. जेएससीए द्वारा टीआरडीओ के रूप में काजल दास, अंपायर इफ्तेखार शेख, अमित हाजरा एवं स्कोरर के रूप में दीपक कुमार को भेजा गया है. इस अवसर पर क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष अमित बोस, कोषाध्यक्ष सनोज कुमार, संयोजक संजीव कुमार, मोहम्मद किरमान अंसारी, अमित सिंह, राजीव भंडारी, मुकेश मंडल, अवधेश कुमार, विजय कुमार, प्रभु, अंजन, राहुल, कन्हैया, संजीव सहित अन्य उपस्थित थे. कल का मैच धनबाद बनाम गुमला के बीच खेला जायेगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
