तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से महिला की मौत, टेंपो चालक घायल

सड़क हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घोरीचक-बोआरीजोर मार्ग किया जाम

बोआरीजोर थाना क्षेत्र के घोरीचक-बोआरीजोर मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप गाड़ी ने सड़क किनारे खड़ी महिला को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. इस घटना में टेंपो चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, गोरन्टीया निवासी खुशबू हेंब्रम (30 वर्ष) अपने पति सनोतलाल मुर्मू के साथ बसंतराय स्थित किसी रिश्तेदार के घर शादी समारोह में जाने के लिए मुख्य मार्ग पर गाड़ी का इंतजार कर रही थी. दंपत्ति ने एक टेंपो को रोकने का इशारा किया. जैसे ही टेंपो चालक मो. जलाल (70 वर्ष) ने गाड़ी रोकी, पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद भागते हुए पिकअप ने सड़क किनारे खड़ी खुशबू हेंब्रम को कुचल दिया. घायल टेंपो चालक को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरमा लाया गया. डॉ. राजकुमार शील ने बताया कि उनका पैर टूटा है और सिर में गंभीर चोटें आयी है. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोड्डा रेफर कर दिया गया.

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

घटना के बाद गुस्साये सैकड़ों ग्रामीणों ने मुआवजे और फरार वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घोरीचक-बोआरीजोर मार्ग को सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक पूरी तरह जाम कर दिया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी. बोआरीजोर थाना प्रभारी आशीष कुमार और दलबल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत किया. पुलिस ने आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से उचित सहायता राशि परिजनों को दिलायी जाएगी और अज्ञात पिकअप चालक की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा.

मेहरमा मुख्य मार्ग डेंजर जोन

इन दिनों मेहरमा-बिरामचक एनएच 133 और घोरीचक-बोआरीजोर मुख्य मार्ग डेंजर जोन माने जा रहे हैं. पिछले दो महीनों में इन दोनों मार्गों पर पांच लोगों की मौत और दर्जनों लोग घायल हो चुके हैं. ग्रामीणों का कहना है कि भुस्का हाट (सोमवार व शुक्रवार) और बाराहाट (रविवार व गुरुवार) के दिनों में तेज रफ्तार शराबी वाहन चालकों की वजह से दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि तेज गति से वाहन चलाने वालों पर कड़ा शिकंजा कसा जाये, ताकि और हादसों को रोका जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >