गोड्डा जिले के महागामा प्रखंड की दो पंचायतों, सरोतिया और सीनपुर के मुखियाओं को इस वर्ष पंचायत दिवस के अवसर पर राज्यस्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ. रांची में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और महागामा विधायक एवं ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने दोनों मुखियाओं को सम्मानित किया. ग्राम पंचायत सरोतिया के मुखिया मोहम्मद हबीब आलम और ग्राम पंचायत सीनपुर के मुखिया धर्मेंद्र कुमार को पंचायत स्तर पर स्वच्छता और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया. समारोह के दौरान सरोतिया पंचायत को स्वच्छ एवं हरित पंचायत का प्रतिष्ठित पुरस्कार, जबकि सीनपुर पंचायत को उत्कृष्ट ग्राम सभा का पुरस्कार प्रदान किया गया. मंत्री दिपिका पांडेय सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि केवल महागामा प्रखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंचायतों के विकास और सजावट के लिए निरंतर प्रयासरत है और आने वाले समय में पंचायतें मांडल पंचायत की तरह विकसित होंगी. क्षेत्रवासियों ने कहा कि इस तरह के सम्मान क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देंगे और अन्य पंचायतों को भी प्रेरित करेंगे. पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रियता और जनभागीदारी के बल पर यह सफलता संभव हुई है, जो ग्रामीण विकास में एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर उभरी है. महागामा में जीपीसी की बैठक के दौरान सोमवार को ग्रामीणों ने पुरस्कार प्राप्त मुखिया धर्मेंद्र कुमार का पंचायत भवन में स्वागत किया. मुखिया धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि यह सफलता सभी के सहयोग से संभव हो पायी है.
महागामा के सरोतिया व सीनपुर पंचायत मुखियाओं को मिला राज्यस्तरीय सम्मान
स्वच्छता और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में किया सम्मान
