प्रतिनिधि, हनवारा. महगामा अनुमंडल के हनवारा बाजार में मेडिकल स्कूल के सामने लगा सार्वजनिक चापाकल पिछले करीब चार साल से खराब पड़ा है. सार्वजनिक स्थान पर चापाकल होने के बावजूद लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है. इससे बाजार आने वाले राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
दुकानदारों को दूसरे स्थानों से लाना पड़ रहा पानी
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि दुकान के कामकाज के दौरान पानी की जरूरत पड़ती है. चापाकल खराब रहने के कारण उन्हें पानी के लिए दूसरे स्थानों पर निर्भर रहना पड़ रहा है. बाजार में खरीदारी और अन्य काम से पहुंचने वाले राहगीरों को भी पीने के पानी के लिए परेशानी होती है.
गर्मी में बढ़ जाती है पानी की परेशानी
आसपास के लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत और बढ़ जाती है. ऐसे में यदि बाजार के बीच लगा सार्वजनिक चापाकल चालू रहे तो दुकानदारों, राहगीरों और आसपास के कई परिवारों को राहत मिल सकती है.
लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर लगे चापाकलों की नियमित जांच और समय-समय पर मरम्मत जरूरी है. लंबे समय से चापाकल खराब रहने के बावजूद इसकी मरम्मत नहीं होना विभागीय व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है.
जल्द मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चापाकल की जल्द मरम्मत कराकर उसे चालू कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सार्वजनिक पेयजल सुविधा का लाभ लोगों को मिलना चाहिए और खराब पड़े चापाकल को लेकर जिम्मेदार विभाग को तत्काल पहल करनी चाहिए.
