पथरगामा थाना क्षेत्र के दाढ़ीघाट चौक के समीप फोरलेन सड़क पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. महागामा की ओर से गोड्डा जा रहा एक हाइवा अचानक अनियंत्रित होकर पुलिस बैरिकेडिंग को धक्का मारते हुए सड़क के डिवाइडर से टकरा गया. घटना के दौरान चालक की सूझबूझ से हाइवा पलटने से बच गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गयी. हादसे में हाइवा का इंजन महागामा की ओर मुड़ गया, जबकि डाला गोड्डा की दिशा में खड़ा रह गया, इस घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन बाधित रहा. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सर्विस रोड से अचानक एक बाइक और ऑटो रिक्शा फोरलेन पर आ गया. उन्हें बचाने के प्रयास में हाइवा चालक ने अचानक ब्रेक लगाया और स्टेयरिंग मोड़ दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया. इस हादसे में चालक सुरक्षित बच गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन सड़क पर लगातार यातायात नियमों की अनदेखी देखी जा रही है. पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाये जाने के बावजूद विपरीत दिशा में वाहन चलाने की घटनाएं नहीं रुक रही हैं. लोगों ने बताया कि नाबालिग चालक बिना हेलमेट और बिना लाइसेंस के तेज गति से बाइक चलाते हैं तथा फोरलेन सड़क पर रील बनाने जैसी गतिविधियां भी करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है.
अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया हाइवा, बाल-बाल बचे लोग
चालक की सूझबूझ से बची बड़ी दुर्घटना
