रूंजी व कजरैल गांव में चैती दुर्गा पूजा की चल रही है व्यापक तैयारी

महापर्व को लेकर दिखने लगा उत्सव का माहौल, भव्य प्रतिमा का हो रहा निर्माण

ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र में चैती दुर्गा पूजा और रामनवमी की तैयारियां जोरों पर हैं. रूंजी पंचायत के रूंजी और कजरैल गांव में भव्य पूजा समारोह की व्यवस्था की जा रही है. दोनों स्थानों पर भव्य प्रतिमा स्थापित कर मां दुर्गा की आराधना की जाएगी. कजरैल गांव में पूजा और मेले की तैयारियों के लिए बिहार के मुंगेर जिले के कलाकार पंकज पंडित, जो मुंगेर के बड़ी दुर्गा मंदिर में प्रतिमा निर्माण कार्य करते हैं, भव्य प्रतिमा का निर्माण कर रहे हैं. मेले के भव्य पंडाल का निर्माण कोलकाता (बंगाल) के कलाकार कर रहे हैं. मेला के आयोजक एवं व्यवस्थापक, जिला परिषद सदस्य निरंजन कुमार पोद्दार ने बताया कि इस गांव में लंबे समय से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाती है. इस प्रांगण में तीन दिवसीय भव्य मेला आयोजित होगा, जिसमें आसपास के गांवों से हजारों लोग शामिल होंगे. आगामी 27, 28, 29 मार्च को मेला आयोजित किया जाएगा. रात्रि में बंगाल के कलाकार भक्ति जागरण प्रस्तुत करेंगे. इस वर्ष मेले में मीना बाजार, तरामाची, झूला, ब्रेकडांस और मौत का कुआं मुख्य आकर्षण होंगे. 19 मार्च को मंदिर परिसर से हाथी-घोड़े और गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु भाग लेंगी. नवरात्र के दौरान संध्या 7 बजे से रात्रि 11 बजे तक भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा. गुरुधाम बृंदावन की कथा वाचिका उपस्थित श्रद्धालुओं को अमृतपान कराएंगी. पूरे गांव के युवा अपनी-अपनी जिम्मेदारियों में लगे हुए हैं. मेले में आगंतुकों की निगरानी मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे द्वारा की जाएगी ताकि किसी भी तरह का व्यवधान न उत्पन्न हो. आयोजकों ने बताया कि मां दुर्गा की शक्ति अपरंपार है, इसलिए अन्यत्र स्थानों से लोग बड़े उत्साह के साथ आकर दर्शन और चढ़ावा चढ़ाते हैं. गांव में इस महापर्व को लेकर उल्लासपूर्ण माहौल बना हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >