महगामा : महगामा के सिमड़ा फुटबॉल मैदान में बुधवार को लोहरा आदिवासी समाज कल्याण समिति का तीसरा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत विधायक राजेश रंजन एवं प्रमंडलीय अध्यक्ष सोनाराम मड़ैया एवं मजदूर नेता रामजी साह ने संयुक्त रूप से किया. इस अवसर पर नृत्य आदि कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया. विधायक राजेश रंजन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी मांगों को पुरा करने के लिये संगठन का होना जरूरी है. समाज के मिलने से संगठन का निर्माण होता है.
उन्होंने बताया कि बाबा भीमराव आंबेडकर ने समाज में फैली विषमताओं को दूर किया था. उन्होंने उपस्थित लोगों को कहा कि अपने अधिकारों के लिये लड़ें, एक दिन अधिकार जरूर मिलेगा. अंग्रेजों ने देश के लोगों को बांटने का काम किया था, जिसका परिणाम आज भी देखने को मिल रहा है. उन्होंने बताया कि समाज का उद्धार तभी होगा जब शिक्षा के स्तर में सुधार होगा. शिक्षा के अभाव में सामाजिक कुरीतियां का वास होता है. इससे समाज का विकास अवरुद्ध हो जाता है. इससे बचने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि बचचों को अच्छी शिक्षा दें. इस दौरान सम्मेलन में साहेबगंज, दुमका, देवघर, पाकुड़, जामताड़ा सहित बिहार के जिलों के प्रतिनिधि पहुंचे थे.
